उत्तराखंड: उत्तरकाशी में बर्फबारी के बीच फंसे 136 ट्रेकर्स, बड़े पैमाने पर रेस्क्यू अभियान शुरू

ख़बर शेयर करें

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हुई भारी बर्फबारी के बीच फंसे 136 पर्वतारोहियों और ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है। रविवार को अचानक बदले मौसम के बाद राहत और बचाव टीमों ने हेलीकॉप्टर के जरिए खोज अभियान चलाते हुए ऑडेंस कोल पास से 5 लोगों को सुरक्षित एयरलिफ्ट कर सेना के हर्षिल हेलीपैड पहुंचा दिया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: SIR विवाद और वोट चोरी पर आमने-सामने हुईं भाजपा- कांग्रेस

बर्फबारी के कारण विभिन्न उच्च हिमाली रूटों पर कुल 136 लोग फंसे हुए हैं। इनमें हाई एल्टीट्यूड एक्सपीडिशन के 89 सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा कालिंदी पास बेस कैंप पर 18 और ऑडेंस कोल पास बेस कैंप में 29 पर्वतारोही व ट्रेकर्स मौजूद हैं। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने आपदा प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर सभी ट्रेकर्स और उनके साथ गए पोर्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें -  कत्ल की वारदात, भाई ने बहिन को मार दी गोली, तफ्तीश में जुटी पुलिस

खराब मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी बेस कैंपों में फंसे ट्रेकर्स के लिए पर्याप्त राशन, पैक्ड फूड और पेयजल की व्यवस्था रखने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। पास के अस्पतालों और आपातकालीन केंद्रों पर डॉक्टरों की विशेष टीमें, जरूरी जीवनरक्षक दवाइयां और एम्बुलेंस तैयार रखी गई हैं, ताकि रेस्क्यू कर लाए जा रहे ट्रेकर्स की तुरंत मेडिकल स्क्रीनिंग की जा सके।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: मौसम साफ होते ही चारधाम यात्रा फिर शुरू, श्रद्धालुओं के लिए निर्देश जारी

सेना, SDRF, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं। अत्यधिक ठंड और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद राहत दल अत्याधुनिक उपकरणों और हेलीकॉप्टर की मदद से अन्य बेस कैंपों में फंसे सदस्यों से संपर्क साधने और उन्हें सुरक्षित निचले इलाकों तक पहुंचाने के प्रयास कर रहे हैं।