देहरादून। अभिनेत्री उर्मिला सनावर की एंट्री ने उत्तराखंड की सियासी धड़कनों को खासा तेज कर दिया है। आज देहरादून की विशेष अदालत में नार्को टेस्ट पर अपनी राय देने के लिए पहुंची उर्मिला सनावर बेहद गुस्से में नजर आईं। सनावर ने कुछ ऐसे राज उगले हैं जिनसे भाजपा सरकार से लेकर संगठन तक परेशान हो सकता है। दरअसल उर्मिला सनावर ने नार्को टेस्ट के लिए अपनी सहमति दे दी है। मीडिया से बात करते हुए उर्मिला ने कहा कि “कह रहे हैं विपक्ष अंकिता हत्याकांड को मुद्दा बना रहा है लेकिन ऐसा नहीं है, कुछ लोग सरकार गिराना चाहते हैं और वे अंदर के ही लोग हैं।”
उर्मिला ने दावा करते हुए कहा कि वो बिना किसी सबूत के कोई बात नहीं कहती उसके पास हर आरोप का पुख्ता सबूत हैं। वहीं अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने दुष्यंत गौतम से लेकर दर्शन भारती और आरती गौड तक का नार्को टेस्ट करवाने की बात कही है। उर्मिला ने कहा मुझे करोड़ों का लालच दिया गया है उसकी भी जांच होनी चाहिए। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होने कहा मेरे भीतर कई राज दफन हैं। सलीके से नार्को टेस्ट हुआ तो अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर नीलम और अंकित हत्याकांड तक बेपर्दा होंगे।
उर्मिला सनावर ने भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सुरेश राठौर ने अपने नौकर को चौथी मंजिल से गिरा कर मार डाला था। अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने बेझिझक होकर आरती गौड और सुरेश राठौर की गिरफ्तार की मांग की। राठौर और आरती पर सनावर ने अपने घर में डकैती डालने का इल्जाम भी लगाया। वहीं अंकिता हत्याकांड में हुए बुल्डोजर एक्शन को लेकर उर्मिला ने कहा कि बुल्डोजर आरती गौड के कहने पर चलाया गया था, रेनु बिष्ट को मात्र फंसाया जा रहा है।
आपको बता दें कि रेनू बिष्ट यमकेश्वर से भाजपा विधायक हैं। उर्मिला सनावर ने जोर लगा कर कहा दुष्यंत कुमार होंगे राज्यपाल लेकिन मेरे लिए तो विपक्षी हैं उन्होने मुझ पर 200 करोड़ का मान हानि का दावा किया है लेकिन मैं डरती नहीं हूं मैं न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट तक का दरवाजा खटखटाउंगी।
बहरहाल उर्मिला के तमाम दावे भाजपा संगठन और सरकार के लिए गले की फांस बन गए हैं। उर्मिला ने चुनावी साल की ओर बढ़ते उत्तराखंड में भाजपा को उस मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है जहां उसे उस विभीषण को भी खोजना है जो सरकार के बीच है और सरकार गिराना चाहता है।
वहीं दूसरी और इन तमाम दावो से भी जूझना है जहा उर्मिला ने भाजपा संगठन के कार्यकर्ता से लेकर पदाधिकारी के दामन में आरोपों की काली स्याही उड़ेल दी है। बहरहार सबको इंतजार उस घड़ी का है जब अभिनेत्री उर्मिला सनावर का नार्को टेस्ट होगा और उसके दिल मे दफन राज बेनकाब होंगे। हालांकि देखना ये भी दिलचस्प होगा कि नार्को टेस्ट चुनाव से पहले होगा या चुनाव निपटने के बाद।

