मसूरी को तंबाकू मुक्त बनाने की कवायद: अब बिना लाइसेंस नहीं बिकेंगे तंबाकू उत्पाद, प्रशासन हुआ सख्त

ख़बर शेयर करें

देहरादून। पर्यटन नगरी मसूरी को स्वच्छ और तंबाकू मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शहर में तंबाकू उत्पादों की बिक्री को नियमों के दायरे में लाने के लिए नगर पालिका परिषद मसूरी में ‘तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग’ और तंबाकू नियंत्रण पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अवैध तंबाकू बिक्री पर रोक लगाना और सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

यह भी पढ़ें -  डोईवाला के होटल-होमस्टे पर आबकारी विभाग की रेड, भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी-देशी शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीरा सकलानी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन और स्थानीय कारोबारियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में स्पष्ट किया गया कि मसूरी में जल्द ही तंबाकू उत्पादों की बिक्री के लिए अनिवार्य लाइसेंसिंग व्यवस्था लागू की जाएगी। इस व्यवस्था के तहत केवल पंजीकृत दुकानदारों को ही नियम-शर्तों के तहत तंबाकू उत्पाद बेचने की अनुमति दी जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका के अधिकारियों ने कारोबारियों को तंबाकू नियंत्रण कानून के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। कार्यशाला में जोर दिया गया कि शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। बिना लाइसेंस या नियमों का उल्लंघन कर तंबाकू बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ आने वाले समय में पुलिस और नगर पालिका संयुक्त रूप से चालानी कार्रवाई करेगी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखं परिवहन निगम में तकनीकी कर्मियों का टोटा, 619 पदों के सापेक्ष सिर्फ 54 नियमित कर्मी तैनात

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय देहरादून और बालाजी सेवा संस्थान के सहयोग से आयोजित इस बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि पर्यटन स्थल होने के नाते मसूरी में देश-विदेश से पर्यटक आते हैं, ऐसे में खुलेआम तंबाकू उत्पादों का प्रचार-प्रसार और अवैध बिक्री शहर की छवि को प्रभावित करती है। इसलिए सभी दुकानदारों को समय रहते लाइसेंस प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

यह भी पढ़ें -  पिथौरागढ़: मुनस्यारी ब्रिज हादसे का 6 साल पुराना वीडियो वायरल फैलाई अफवाह, DM ने दिए FIR दर्ज करने के आदेश

इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की प्रतिनिधि अर्चना उनियाल, बालाजी सेवा संस्थान से अवधेश कुमार और ममता थापा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मसूरी में तंबाकू नियंत्रण नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराने में अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।