Uttarakhand: राष्ट्रीय खेल दिवस पर हल्द्वानी में पहले खेल विवि का होगा शिलान्यास, 94 पदों को मिली मंजूरी

ख़बर शेयर करें

देहरादून। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को उत्तराखंड को अपने पहले खेल विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक सौगात मिलने जा रही है। खेल मंत्री रेखा आर्य के अनुसार हल्द्वानी के गोलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में इस बहुप्रतीक्षित विश्वविद्यालय के प्रथम चरण का शिलान्यास किया जाएगा।

शिलान्यास समारोह के दौरान अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार राशि का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। इसके साथ ही समारोह में ‘मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी एवं प्रोत्साहन योजना’ के तहत चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति तथा वर्ष 2024-25 के ‘देवभूमि खेल रत्न’ व ‘देवभूमि द्रोणाचार्य पुरस्कार’ भी प्रदान किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड एमबीबीएस काउंसलिंग: दस्तावेजों की जांच में बड़ा खुलासा, एक ही प्रमाण पत्र संख्या से जुड़े दो नाम

खेल मंत्री रेखा आर्य ने सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय खेल विवि का सपना अब धरातल पर साकार हो रहा है, जिससे राज्य के युवाओं को आधुनिक कोचिंग और खेल सुविधाएं मिलेंगी।

विश्वविद्यालय के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए शासन ने कुलपति सहित 94 नए पदों के सृजन को मंजूरी दे दी है। इसमें खेल कोचिंग विंग के अंतर्गत प्रधान कोच, मुख्य कोच और सहायक प्रशिक्षकों के 39 पद शामिल हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब: मसूरी से कैंची धाम तक लगा भीषण जाम

विश्वविद्यालय के शैक्षणिक ढांचे के तहत खेल प्रबंधन और खेल विज्ञान संकाय में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों को स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा केंद्रीय पुस्तकालय विंग और प्रयोगशाला सहायकों की भी तैनाती की जाएगी।

खिलाड़ियों की बेहतर रिकवरी और फिटनेस के लिए 12 विशेष पद मंजूर किए गए हैं, जिनमें खेल चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट, खेल मनोवैज्ञानिक और नर्स शामिल हैं। वहीं प्रशासनिक संचालन के लिए कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक और वित्त अधिकारी के पद भी सृजित हुए हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: कुमाऊं में दूषित पानी से मौतों के बाद सरकार का बड़ा कदम, हल्द्वानी में खुलेगी वाटर टेस्टिंग लैब

विश्वविद्यालय परिसरों और मैदानों के रखरखाव के लिए 47 कर्मचारियों की सेवाएं आउटसोर्स के माध्यम से ली जाएंगी। इनमें 20 मैदान कर्मी, 10 एमपीई कर्मी, 15 बहुकार्यकारी कर्मचारी और 2 पोषण विशेषज्ञ शामिल होंगे। खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि 2036 ओलंपिक की मेजबानी के संकल्प के साथ शुरू हुई पहल अब धरातल पर उतर रही है। भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से सभी बाधाएं दूर हुई हैं और यह विवि उत्तराखंड के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाएगा।