चमोली। उत्तराखंड के कर्णप्रयाग-गैरसैंण नेशनल हाईवे पर घटिया सड़क निर्माण को लेकर लोनिवि ने सख्त रुख अपनाया है। गैरसैंण बाजार के पास सलियाणा बैंड पर किए गए पैचवर्क में गंभीर खामियां मिलने के बाद, बुधवार को पहुंचे अधिशासी अभियंता ओंकार पांडेय ने किलोमीटर 186 पर बिछाई गई खराब डामर की परत को मौके पर ही जेसीबी से उखड़वा दिया।
सड़क मरम्मत में लापरवाही उजागर होने के बाद विभाग ने निर्माण कार्य करने वाली संबंधित फर्म और ऑफिस इंचार्ज को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। इसके अलावा, गुणवत्ता की सही तरीके से निगरानी न करने के आरोप में संबंधित सहायक अभियंता से भी तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।
दरअसल, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत अध्यक्ष गैरसैंण द्वारा सड़क का डामर उखड़ने की लगातार शिकायतें की जा रही थीं। एनएच विभाग द्वारा पांडुवाखाल से कर्णप्रयाग के बीच बीएम तकनीक से पैचवर्क कराया जा रहा था, लेकिन निरीक्षण के दौरान सलियाणा बैंड के पास बिछाया गया डामर गुणवत्ता के मानकों पर पूरी तरह फेल साबित हुआ।
कार्रवाई के दौरान अधिशासी अभियंता ने ठेकेदार फर्म को कड़े निर्देश दिए हैं कि हॉटमिक्स प्लांट में बिटुमेन की सही मात्रा, तापमान और मिश्रण के तय मानकों के अनुसार ही दोबारा डामरीकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी परीक्षण और सक्षम अधिकारियों से मंजूरी मिलने के बाद ही फर्म को भुगतान किया जाएगा।
लोनिवि अधिकारियों ने दोटूक कहा है कि सार्वजनिक सड़कों के निर्माण और मरम्मत में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जारी किए गए नोटिस का निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो दोषी फर्म को ब्लैकलिस्ट करने समेत आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

