देहरादून। उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति, चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के संयुक्त तत्वावधान में देहरादून के सहस्त्रधारा रोड स्थित होटल सफायर में राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जिलों के कक्षा 8वीं, 9वीं और 11वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत एड्स नियंत्रण समिति के संयुक्त निदेशक डॉ. अमित शुक्ला, अनिल सती, प्रादेशिक मुख्यायुक्त बिनोद प्रसाद सिमल्टी, बेसिक शिक्षा निदेशक केसी रावत और प्रादेशिक सचिव आरएम काला ने दीप प्रज्वलित कर की।

चार चरणों में आयोजित इस कठिन क्विज प्रतियोगिता में स्वास्थ्य, स्वच्छता और रेड रिबन से जुड़े कुल 50 सवाल पूछे गए। इसमें पिथौरागढ़ जिले के राजकीय इंटर कॉलेज मानेल के अनिल सिंह भाट और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धूर्चू के पीयूष धामी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में हरिद्वार के राजीव गांधी नवोदय विद्यालय शिकारपुर के अनुराग जोशी और राजकीय इंटर कॉलेज स्वागाज के नमन की टीम दूसरे स्थान पर रही। वहीं, चंपावत के राजकीय इंटर कॉलेज खेतीखान के हर्षित बिष्ट और पीएमश्री बालिका इंटर कॉलेज टनकपुर की जिज्ञासा खर्कवाल की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।

राज्य स्तर पर पहला स्थान हासिल करने वाली पिथौरागढ़ की विजेता टीम अब हिमाचल प्रदेश के शिमला में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेगी।
प्रतियोगिता में निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए वीआईआरओजी केयर दिशा कार्यक्रम के मो. जावेद, दिशा क्लस्टर हरिद्वार के हेमंत खर्कवाल और ग्राफिक एरा के प्रोफेसर डॉ. बजरंग प्रसाद ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।

समारोह के अंत में सभी विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड, प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन उप निदेशक टीबीआई संजय बिष्ट ने किया, जबकि डॉ. अमित शुक्ला ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

