देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में ‘भाषा एआई’ पहल के तहत गढ़वाली, कुमाऊँनी और जौनसारी लोकभाषाओं के वॉइस कलेक्शन पोर्टल का आधिकारिक शुभारंभ किया। एआई स्ट्रैटेजिक इंजीनियरिंग फाउंडेशन द्वारा विकसित इस डिजिटल पोर्टल की शुरुआत मुख्यमंत्री ने खुद कुमाऊँनी भाषा में रिकॉर्ड अपनी वॉइस क्लिप जारी करके की।
इस अनूठी पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य की समृद्ध लोकभाषाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक से जोड़कर उनका संरक्षण, संवर्धन और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यापक उपयोग बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने एआईएसई फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि हमारी बोली और भाषाएं ही हमारी असली पहचान हैं, जिन्हें तकनीक के साथ बचाना जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि लोककला, संस्कृति और परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दायरा तेजी से बढ़ रहा है और भविष्य में यह और व्यापक होगा, इसलिए हमें अपनी क्षेत्रीय बोलियों को भी इस तकनीक के अनुकूल ढालना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के इस दौर में अगर हमारी बोलियां एआई से जुड़ती हैं, तो उत्तराखंड की भाषाई विरासत को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के सुदूर गांवों में रहने वाला व्यक्ति भी अपनी बोली-भाषा में सरकारी योजनाओं की जानकारी हासिल कर सके और अपनी बात सरकार तक आसानी से पहुंचा सके।

इसके लिए एआई का स्थानीय भाषाओं और लहजों को सही ढंग से समझना बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पोर्टल के जरिए क्षेत्रीय भाषाओं के शब्दों का बड़ा संग्रह तैयार होगा। साथ ही, अलग-अलग इलाकों में एक ही शब्द को बोलने की शैलियों और सही उच्चारणों को एआई से जोड़ा जा सकेगा।
सीएम धामी ने विश्वास जताया कि यह कदम हमारी लोकभाषाओं को बचाने के साथ-साथ युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगा। उन्होंने अभियान से जुड़ी पूरी टीम को अपनी शुभकामनाएं दीं।
देहरादून में आयोजित इस कार्यक्रम में लोक गायक पद्मश्री प्रीतम भरतवाण, एआईएसई फाउंडेशन के संस्थापक सचिदानंद सेमवाल, शक्ति प्रसाद भट्ट, गजेंद्र नौटियाल, अनिरुद्ध रैथवान, निधि सेमवाल, अनिल गोदियाल, डॉ. जे.के. पांडे एवं देव रतूड़ी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

