देहरादून। एआई-फर्स्ट यूनिवर्सिटी यूपीईएस के 24वें दीक्षांत समारोह की आज 22 अक्टूबर से भव्य शुरुआत हो गई है। दीक्षांत समारोह के उद्घाटन दिवस पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि और मेधावी छात्रों को मेडल प्रदान करके की गई। आगामी 27 अक्टूबर तक चलने वाले इस छह दिवसीय आयोजन में कुल 4,795 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जा रही हैं। इनमें रेगुलर प्रोग्राम के 3,806 और यूपीईएस ऑनलाइन के 989 छात्र शामिल हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसी विश्वविद्यालय की वास्तविक सफलता उसकी इमारत से नहीं, बल्कि वहां से निकलने वाली प्रतिभाओं से तय होती है। उन्होंने कहा कि अनुसंधान, कौशल विकास और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप छात्र तैयार करने में यूपीईएस ने उत्तराखंड में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. सुनील राय ने संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट 2025–26 पेश की। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस युग में शिक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बदलाव के अनुकूल ढालना और नवाचार को बढ़ावा देना है।

समारोह के पहले दिन स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस के विद्यार्थियों को भी डिग्रियां दी गईं। इस सत्र में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा मुख्य अतिथि और अपस्विंग कॉग्निटिव के संस्थापक हर्ष माथुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
छह दिनों तक चलने वाले इस भव्य आयोजन में कुल 12 अलग-अलग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। 23 और 24 अक्टूबर को स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस के अन्य सत्र आयोजित होंगे, जिनमें मंत्री सौरभ बहुगुणा, लिंक्डइन के डायरेक्टर मोहन बाबू नेल्लोर और इसरो के ग्रुप डायरेक्टर डॉ. अरिजीत रॉय शामिल होंगे।
इसके अलावा 24 अक्टूबर को स्कूल ऑफ लॉ का दीक्षांत समारोह होगा, जिसमें मंत्री डॉ. धन सिंह रावत शिरकत करेंगे। 25 अक्टूबर को स्कूल ऑफ बिजनेस के सत्रों में मंत्री सुबोध उनियाल और एजियो के सीईओ कुमार नितेश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
26 अक्टूबर को स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी तथा स्कूल ऑफ डिजाइन के समारोह आयोजित किए जाएंगे। इनमें सीएसआईआर-आईआईसीटी के निदेशक डॉ. डी. श्रीनिवास रेड्डी और एलबीएसएनएए मसूरी के पूर्व निदेशक संजीव चोपड़ा मुख्य अतिथि होंगे।
इस छह दिवसीय दीक्षांत समारोह का समापन 27 अक्टूबर को स्कूल ऑफ एडवांस्ड इंजीनियरिंग और स्कूल ऑफ लिबरल स्टडीज के आयोजनों के साथ होगा। अंतिम दिन बेलाट्रिक्स एयरोस्पेस के सीईओ रोहन एम. गणपति और एनडीटीवी के मैनेजिंग एडिटर रोहित विश्वकर्मा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे।

