नेपाल में तबाही के बाद उत्तराखंड में अलर्ट: चंपावत में उफान पर शारदा नदी, SDRF ने संभाला मोर्चा

ख़बर शेयर करें

देहरादून। नेपाल में हुई मूसलाधार बारिश और भीषण बाढ़ के बाद उत्तराखंड के सीमावर्ती चंपावत जिले में जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। शारदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका को देखते हुए शारदा बैराज, तटीय इलाकों और शारदा घाट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसडीआरएफ सेनानायक के निर्देश पर टनकपुर की टीम को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चौबीसों घंटे मुस्तैद रखा गया है।

यह भी पढ़ें -  Haridwar News: कुंभ मेला 2027 के लिए 8,029 मीट्रिक टन अतिरिक्त राशन जारी

प्रशासनिक मुस्तैदी के तहत एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें तटीय और निचले इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं। बुधवार को एसडीआरएफ के जवानों ने शारदा घाट पहुंचकर स्थानीय निवासियों, यात्रियों और मछुआरों को जलस्तर बढ़ने के खतरे से अवगत कराया। टीम ने लोगों से अपील की है कि वे नदी और घाटों के आसपास बेवजह न जाएं।

सुरक्षा के लिहाज से SDRF की विशेष टीम आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों और बोट्स के साथ सीमावर्ती तटीय क्षेत्रों में तैनात है। नदी के बहाव और जलस्तर पर पल-पल नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम तक पहुंचाई जा सके।

यह भी पढ़ें -  माउंट किलिमंजारो पर तिरंगा फहराकर लौटे उत्तराखंड के दो नन्हे जांबाज, CM धामी ने थपथपाई पीठ

चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सिंचाई, राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नदियों के जलस्तर की निगरानी में कोई ढिलाई न बरती जाए। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पूरे जिले के हालात की लगातार समीक्षा की जा रही है।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: हिमालय दिवस पर CM धामी का बड़ा ऐलान: हर साल मिलेगा 'हिमालय विभूति सम्मान'

जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे उफनती नदियों और तटीय इलाकों से दूरी बनाकर रखें। विशेष रूप से बच्चों और पशुओं को नदी तटों के पास न जाने दें। प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस, तहसील प्रशासन या जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचित करें, ताकि समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।