आपको किसी कल्याणकारी योजना की है दरकार, तहसील-ब्लॉक पहुंचने वाली है धामी सरकार- आप रहें तैयार!

ख़बर शेयर करें

देहरादून,-प्रदेश में सरकार सेवा संकल्प अभियान के तहत फिर से जनता के द्वार पहुंचने जा रही है। 25 सितंबर से 07 अक्टूबर तक पूरे उत्तराखंड में ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत हर ब्लॉक और तहसील में कम से कम तीन दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे।

आपका भी कोई काम अटका हो तो आप भी सेवा सेतु शिविर में पहुंचकर अपनी समस्या का समाधान या रास्ता सरकारी अधिकारियों से पा सकते हैं। इसको लेकर बीते शनिवार को सचिवालय में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने सभी जिलाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।

यह भी पढ़ें -  इतिहास को संवारेगा मास्टर प्लान: देहरादून की 200 हेरिटेज इमारतें चिन्हित, टाउन प्लानिंग का बनेंगी हिस्सा

बैठक में कैबिनेट मंत्री उनियाल ने दो टूक कहा कि यह अभियान सिर्फ रस्म अदायगी न रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर में केंद्र और राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए जाएं, मौके पर ही पात्रों का चयन कर आवेदन भरवाए जाएं और लाभ दिया जाए।

यह भी पढ़ें -  दून में बेकाबू होता स्वाइन फ्लू और डेंगू: CMO की अभिभावकों को सख्त हिदायत- बीमार बच्चों को न भेजें स्कूल

उन्होंने कहा कि शिविरों का आयोजन पूर्व में हुए ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों से अलग स्थानों पर किया जाए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे।शिविरों में सिर्फ योजनाएं ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और जागरूकता पर भी फोकस रहेगा। हर शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा निशुल्क मेडिकल कैंप लगाया जाएगा। साथ ही वन विभाग की टीम ट्री प्रोटेक्शन एक्ट और मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करेगी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में 'होम स्टे नीति' बनी वरदान: रिवर्स पलायन करने वाले 22% प्रवासियों ने अपनाया स्वरोजगार

राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष डॉ. विनय रोहिला ने बताया कि प्रत्येक शिविर की प्रतिदिन की रिपोर्ट शासन को भेजनी होगी। महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि सूचना विभाग द्वारा होर्डिंग, बैनर और अन्य माध्यमों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।