देहरादून: मौसम बदलते ही राजधानी में बढ़ा वायरल बुखार का प्रकोप, अस्पतालों के OPD में उमड़े मरीज

ख़बर शेयर करें

देहरादून। राजधानी देहरादून में तापमान में हो रहे लगातार उतार-चढ़ाव के बीच वायरल बुखार, खांसी-जुकाम और गले में खराश के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। शहर के दो प्रमुख सरकारी अस्पतालों—दून अस्पताल और कोरोनेशन अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 600 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। मौसम के इस बदलाव ने विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर असर डाला है, जिससे अस्पतालों में मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं।

बढ़ते मामलों को देखते हुए कोरोनेशन अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. प्रवीण पंवार ने नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सलाह जारी की है। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. प्रवीण पंवार के अनुसार, इस बदलते मौसम में शरीर को ठंड से बचाना सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने लोगों को सुबह और समय के तापमान को देखते हुए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने की हिदायत दी है।

यह भी पढ़ें -  नवरात्रि के पहले दिन मेधावी बालिकाओं को स्मार्ट फोन की सौगात

चिकित्सकीय सलाह में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पसीने से भीगे कपड़ों में ज्यादा देर तक बिल्कुल न रहें। इसके अलावा शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए पर्याप्त पानी पिएं और अपने आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

यह भी पढ़ें -  स्वास्थ्य विभाग खरीदारी के लिए बनी नई व्यवस्था… कॉरपोरेशन बनते ही MD की कुर्सी के लिए लॉबिंग तेज…

डॉक्टरों ने खुद से दवाइयां लेने यानी सेल्फ-मेडिकेशन से बचने की सख्त सलाह दी है। डॉ. प्रवीण पंवार ने स्पष्ट किया कि गले में खराश, खांसी या बुखार होने पर मेडिकल स्टोर से खुद दवा लेने के बजाय अस्पताल जाकर डॉक्टर की सलाह लें। समय पर सही उपचार मिलने से संक्रमण को गंभीर होने से रोका जा सकता है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: 'देश हुल्लड़बाजी से नहीं चलेगा', CJP प्रदर्शन पर सीएम धामी ने साधा निशाना

बदलती जलवायु और तापमान के इस मिजाज के बीच स्वास्थ्य विभाग भी स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है। अस्पतालों में डॉक्टरों द्वारा मरीजों की जांच की जा रही है और उचित दवाइयां दी जा रही हैं। थोड़ी सी सावधानी अपनाकर इस वायरल संक्रमण की चपेट में आने से बचा जा सकता है।