देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम ने प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 200 नई बसों की खरीद का नया टेंडर जारी कर दिया है। देहरादून में निगम प्रशासन द्वारा शुरू की गई इस प्रक्रिया के तहत प्री-बिड बैठक 29 अक्टूबर को रखी गई है। इसके साथ ही रोडवेज में अनुबंध पर 6 वॉल्वो बसें शामिल करने के लिए प्री-बिड प्रक्रिया बृहस्पतिवार को पूरी की गई।
रोडवेज बेड़े में नई बसों का शामिल होना यात्रियों के लिए बेहद जरूरी हो गया है, क्योंकि मई 2027 तक समय सीमा और तय किलोमीटर पूरा करने के बाद 472 बसें रूट से हटा दी जाएंगी। इन पुरानी बसों के हटने से पैदा होने वाली कमी को पूरा करने के लिए जुलाई में हुई परिवहन निगम बोर्ड बैठक में 600 नई बसों की खरीद को मंजूरी मिली थी, जिसके पहले चरण में 200 बसों का टेंडर निकाला गया है।
गौरतलब है कि रोडवेज में नई बसों की खरीद प्रक्रिया काफी समय से लंबित चल रही थी। इससे पूर्व 200 बसों की खरीद के लिए जारी किया गया पिछला टेंडर 5 सितंबर को तकनीकी कारणों से निरस्त कर दिया गया था। टेंडर रद्द होने के बाद से प्रक्रिया रुकी हुई थी, जिसे अब नए सिरे से शर्तें तय कर दोबारा शुरू किया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए रोडवेज के महाप्रबंधक भूपेश कुशवाहा ने बताया कि नई बसों की खरीद के लिए पारदर्शी प्रक्रिया के तहत टेंडर जारी कर दिया गया है। प्री-बिड प्रक्रिया पूरी होने के बाद निविदा से संबंधित अगली औपचारिकताओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
यदि टेंडर प्रक्रिया में कोई अन्य तकनीकी अड़चन नहीं आती है, तो प्रक्रिया पूरी होने के बाद 90 दिनों के भीतर नई बसें रोडवेज बेड़े में शामिल हो जाएंगी। बेड़े में नई बसें आने से राज्य के विभिन्न मार्गों पर यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों को न केवल राहत मिलेगी, बल्कि सफर भी अधिक आरामदायक और सुरक्षित हो सकेगा।

