देहरादून। राजधानी देहरादून की जर्जर और गड्ढेदार सड़कों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए लोक निर्माण विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने दून की 108 किलोमीटर लंबी 40 मुख्य सड़कों के मरम्मत और रखरखाव का जिम्मा छत्तीसगढ़ की आरकेटीसी इंफ्राटेक कंपनी को सौंपा है। वहीं, कार्यों की गुणवत्ता और सुपरविजन की जिम्मेदारी पंजाब की कंपनी को 5 साल के लिए दी गई है। अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह और प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा के मुताबिक, दोनों कंपनियां अगले 15 दिनों में काम संभाल लेंगी।
मानसून के दौरान देहरादून की सड़कें अक्सर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो जाती हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। अब तक पैचवर्क के लिए बार-बार टेंडर प्रक्रिया अपनानी पड़ती थी, जिससे मरम्मत में लंबा समय लगता था। इस समस्या को खत्म करने के लिए पीडब्ल्यूडी ने 5 साल का दीर्घकालिक अनुबंध किया है। करीब 95 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से शहरवासियों को बदहाल सड़कों से मुक्ति मिलेगी।
सड़कों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी प्रणाली लागू की जा रही है। इसके तहत एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। एआई तकनीक की मदद से जैसे ही किसी सड़क पर गड्ढा उभरेगा, उसकी तुरंत पहचान कर ली जाएगी और संबंधित टीम बिना देरी के पैचवर्क पूरा करेगी।
पीडब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि देहरादून में यह व्यवस्था पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य दून की सड़कों को हर मौसम में गड्ढामुक्त रखना है। यदि यह मॉडल सफल रहता है, तो प्रदेश के अन्य शहरों में भी इसे लागू किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि काम में देरी या लापरवाही बरतने पर ठेकेदार कंपनी पर भारी पेनाल्टी लगाई जाएगी।
इस परियोजना के तहत दून की 40 प्रमुख और व्यस्त सड़कों का कायाकल्प होगा। इनमें दून-मसूरी मार्ग, राजपुर से कुठालगेट, दून-रायपुर मार्ग (एस्टलेहॉल से सहस्रधारा क्रॉसिंग), हरिद्वार रोड (आराघर चौक से अग्रवाल बेकर्स), सहस्रधारा मार्ग, हरबर्टपुर-आसन बैराज मार्ग, बल्लूपुर से गढ़ी कैंट, किशननगर से एफआरआई बैक गेट, धोरण आईटी पार्क मार्ग और राजपुर-सहस्रधारा मार्ग शामिल हैं।
इसके अलावा लैंसडौन मार्ग, कॉन्वेंट मार्ग, ग्लोब चौक से सुभाष रोड, न्यू रोड, पटेल मार्ग, रेसकोर्स मार्ग, क्रॉस रोड, कचहरी मार्ग, माजरा-भुड्डी से शेखावाला-धर्मावाला मार्ग, कांवली रोड से पंडितवाड़ी-सीमाद्वार, शिमला बाईपास से ट्रांसपोर्टनगर और निरंजनपुर मोड, टर्नर मार्ग (झील तक), हरिद्वार बाईपास से दून विवि-मोथरोवाला मार्ग पर भी काम होगा।
सूची में वृक्ष मानव विशेश्वर दत्त सकलानी मार्ग, धर्मपुर-मोथरोवाला मार्ग, भानियावाला-थानों से रायपुर नत्थनपुर-जोगीवाला पुलिया, रायपुर से नथुवावाला-बालावाला मार्ग, अग्रवाल बेकर्स से गुरु तेग बहादुर मार्ग, हरिद्वार मार्ग लक्ष्मी रोड जंक्शन, नेहरू कॉलोनी के आंतरिक मार्ग, धर्मपुर से माता मंदिर मार्ग, रायपुर से खैरी मानसिंह मार्ग और किरसाली चौक से मालदेवता मार्ग भी शामिल हैं। इन सभी सड़कों के सुदृढ़ीकरण से शहर के ट्रैफिक और आवागमन में बड़ा सुधार आएगा।

