Uttarakhand: 15 अक्टूबर के बाद औचक सड़क निरीक्षण पर निकलेंगे CM धामी, लापरवाह अफसरों पर गिरेगी गाज

ख़बर शेयर करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के कारण क्षतिग्रस्त हुई प्रदेश की सभी सड़कों को 15 अक्टूबर से पहले हर हाल में गड्ढामुक्त किया जाए।

सीएम धामी ने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि 15 अक्टूबर के बाद वे कभी भी सड़क मार्ग से यात्रा कर औचक निरीक्षण कर सकते हैं। लापरवाह अफसरों पर सीधी कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें -  कृषि मंत्री गणेश जोशी की आय से अधिक संपत्ति मामले में नया मोड़

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों पर ट्रैफिक, स्वास्थ्य, पेयजल और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

प्रशासन को जनता से सीधे जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तीसरे चरण को और प्रभावी बनाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजित शिविरों में जनसम समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जाए।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज: दून समेत 7 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट

इसके साथ ही ‘सेवा संकल्प अभियान’ की समीक्षा करते हुए सीएम ने अधिकारियों को सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने इन कार्यक्रमों में आम जनता की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

प्रदेश में स्वाइन फ्लू सहित अन्य संक्रामक एवं जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करने और दवाओं व जरूरी चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें -  हिंदी दिवस समारोह: CM धामी बोले-'निज भाषा की उन्नति ही विकास का आधार', 126 छात्र हुए सम्मानित

बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, एल. फैनई, डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव शैलेश बगोली, डीजीपी दीपम सेठ और प्रमुख वन संरक्षक हॉफ कपिल लाल समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।