मंत्री रेखा आर्या प्रकरण: SIT आज कोर्ट के जरिए फोरेंसिक लैब भेजेगी ऑडियो, साहू अब भी फरार

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों से जुड़े बहुचर्चित मंत्री रेखा आर्या प्रकरण में जांच का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। एसआईटी इस मामले से जुड़े अहम ऑडियो को आज न्यायालय के माध्यम से फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर चुकी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बृहस्पतिवार को इस ऑडियो को फॉरेंसिक लैब भेजा जाना तय किया गया है।

इस हाई-प्रोफाइल मामले में आरोपी बनाए गए कैबिनेट मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस और खुफिया तंत्र के पास उपलब्ध इनपुट्स के अनुसार, आरोपी साहू की तलाश में पुख्ता साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और इस बात की प्रबल आशंका जताई जा रही है कि वह उत्तर प्रदेश के रास्ते नेपाल भाग चुका है।

यह भी पढ़ें -  डोईवाला के होटल-होमस्टे पर आबकारी विभाग की रेड, भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी-देशी शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

यह पूरा घटनाक्रम पिछले सप्ताह तब सामने आया था जब मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि साहू शादी के बाद से ही लगातार उनका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न कर रहा था और उनके साथ कई तरह की आर्थिक धोखाधड़ी भी की गई।

शिकायत के अनुसार, आरोपी गिरधारी लाल साहू ने कंपनी के दस्तावेजों में गहरी हेरफेर करते हुए जाली दस्तखतों के जरिए रेखा आर्या का नाम कंपनी के निदेशक पद से हटा दिया था। जब मंत्री ने इस फर्जीवाड़े का कड़ा विरोध किया, तो उन्हें जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर प्रताड़ित किया गया तथा उनके साथ मारपीट की भी कोशिश की गई।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: देश के बाकी शहरों में प्रदूषण का कहर, दून और ऋषिकेश की आबोहर हवा बेहतर

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महकमे ने तुरंत कड़ा एक्शन लेते हुए एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में एक 10 सदस्यीय उच्चस्तरीय एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी ने अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए कुछ दिन पहले मंत्री रेखा आर्या के आधिकारिक आवास पर पहुंचकर उनके विस्तृत बयान दर्ज किए थे, जिसमें कई अहम खुलासे हुए हैं।

बयान दर्ज कराने के दौरान मंत्री रेखा आर्या ने जांच टीम को उन जगहों और ठिकानों की जानकारी भी दी है, जहां से आरोपी द्वारा तैयार किए गए जाली दस्तावेजों को बरामद किया जा सकता है। मंत्री से मिले इन महत्वपूर्ण इनपुट्स के आधार पर एसआईटी की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर ठोस सबूत जुटाने का प्रयास कर रही हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के आवास पर पहुंची SIT, दर्ज किए बयान,कब्जे में ली ऑडियो

हालांकि, घटना के इतने दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू अभी तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद उसका कोई सुराग हाथ नहीं लगा है, जिससे जांच एजेंसियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इसी बीच यह खबर भी फैल रही है कि आरोपी गिरधारी लाल साहू कानून की गिरफ्त से बचने के लिए नेपाल सीमा पार कर चुका है।