देहरादून। भारतीय सेना में अग्निवीर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। कॉमन प्रवेश परीक्षा 2027 में सफल रहे अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता और दौड़ परीक्षा का आयोजन 5 अक्टूबर से 23 अक्टूबर के बीच रुड़की में किया जाएगा।
भारतीय सेना द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस भर्ती रैली में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लगभग 3,000 सफल अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया का यह अगला चरण बेहद निर्णायक होने वाला है।
इस रैली के जरिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेड्समैन के पदों के लिए अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण किया जाएगा। सेना ने इसके लिए रुड़की केंद्र पर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अग्निवीर क्लर्क तथा स्टोर कीपर टेक्निकल पदों के लिए CCE उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी भी इसी चरण में अपनी शारीरिक दक्षता और दौड़ परीक्षा देंगे।
भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए सेना ने विशेष निर्देश जारी किए हैं। रुड़की पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को अपने साथ भौतिक ऑनलाइन सत्यापन के लिए सभी संबंधित मूल दस्तावेज और प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से लाने होंगे।
भारतीय सेना ने स्पष्ट किया है कि कागजातों के ऑनलाइन और भौतिक सत्यापन के बिना किसी भी अभ्यर्थी को दौड़ या शारीरिक परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपने सभी दस्तावेज पूरे कर लें।

