देहरादून के मुख्य सेवक सदन में CM धामी की बड़ी जनसुनवाई, दिए शिकायतों के त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश

ख़बर शेयर करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित विशाल जनसुनवाई में प्रदेश के दूरदराज इलाकों से आए नागरिकों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेंशन और रोजगार से जुड़ी कई समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गईं। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सभी प्रकरणों का त्वरित और समयबद्ध समाधान करने के सख्त निर्देश जारी किए।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिन समस्याओं का समाधान जिला या विभागीय स्तर पर हो सकता है, उन्हें बेवजह शासन स्तर पर लंबित न रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी और असरदार बनाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें -  कुंजापुरी मेला विवाद पर CM धामी का बड़ा बयान: कहा- 'मैं खुद गायक मीका सिंह और दलेर मेहंदी से बातचीत करूंगा'

जनसमस्याओं का पारदर्शी समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन-1905 और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों को धरातल पर मजबूत किया गया है। इसके जरिए प्रशासन खुद जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का निपटारा कर रहा है और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिला रहा है।

प्रदेश में 17 सितंबर से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 अक्टूबर 2026 तक निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से राज्य भर में स्वास्थ्य और बहुउद्देशीय शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि राज्य और केंद्र सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित की जा सके।

यह भी पढ़ें -  AIIMS ऋषिकेश में नियुक्ति पर बड़ा विवाद: आधार और मार्कशीट में अलग मिली DOB, 6 महीने रोका गया वेतन

मुख्यमंत्री ने सख्त हिदायत दी कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को हर शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए ताकि आम नागरिक को जमीनी स्तर पर वास्तविक राहत मिल सके।

जनसुनवाई के दौरान एक विशेष क्षण तब आया जब थाइलैंड के पटाया में 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित ‘9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026’ में पदक जीतकर लौटे उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से भेंट की। प्रतियोगिता में राज्य के मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक जीता।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: 200 नई बसों के साथ रोडवेज बेड़े में शामिल होंगी 6 वॉल्वो, निविदा जारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराने वाले सभी छह पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, डीएम देहरादून डॉ. आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।