देहरादून। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद ने राज्य के सिनेमा जगत के लिए एक बड़ी सौगात देते हुए ‘प्रथम उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार – 2024 एवं 2025’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 के तहत आयोजित किए जा रहे इन पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस पहल से प्रदेश के स्थानीय कलाकारों, फिल्म निर्माताओं और प्रादेशिक तकनीशियनों को अपनी कला प्रदर्शित करने का एक बेहतरीन मंच मिलेगा।
इन पुरस्कारों के माध्यम से वर्ष 2024 और 2025 के दौरान उत्तराखंड में निर्मित या फिल्मांकित फिल्मों को सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत राज्य की क्षेत्रीय बोलियों, विशेषकर गढ़वाली और कुमाऊंनी के साथ-साथ हिंदी एवं भारतीय संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल अन्य भाषाओं में बनी फिल्मों को शामिल किया गया है। फिल्म निर्माण से जुड़े व्यक्तियों को उनकी रचनात्मकता, उत्कृष्टता और राज्य के सिनेमा क्षेत्र में दिए गए योगदान के लिए यह सम्मान दिया जाएगा।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि पुरस्कारों के लिए ऑफलाइन आवेदन का कोई प्रावधान नहीं है। सभी आवेदकों को उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद की आधिकारिक वेबसाइट ufdc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से ही अपना आवेदन जमा करना होगा। पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम समय सीमा 5 अक्टूबर 2026 तय की गई है।
पुरस्कारों की विभिन्न श्रेणियों, पात्रता मानदंडों, नियम-शर्तों और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। राज्य में लागू नई फिल्म नीति के बाद आयोजित हो रहे इस पहले पुरस्कार समारोह से न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी, बल्कि उत्तराखंड को एक प्रमुख शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने में भी मदद मिलेगी।

