देहरादून। मुख्यमंत्री आवास के मुख्य सेवक सदन में आज आयोजित ‘मातृशक्ति संवाद एवं सम्मान समारोह’ में उस समय माहौल भावपूर्ण हो गया, जब उपस्थित महिलाओं ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित एक मधुर गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान महिलाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में गीतों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण नीतियों के प्रति अपना अटूट विश्वास और आभार व्यक्त किया।
संवाद के दौरान एक महिला ने प्रधानमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने का अनुरोध करते हुए मुख्यमंत्री धामी के सामने ‘हमें तो मोदी ने बहुत कुछ दिया है, बहुत शुक्रिया है’ गीत गाकर सुनाया। इस गीत के माध्यम से महिलाओं को बिना ब्याज के मिलने वाले ऋण, लखपति दीदी योजना और स्वयं सहायता समूहों से मिल रहे लाभ का विशेष रूप से उल्लेख किया गया।
समारोह में जुटी महिलाओं ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी नीतियों से आज समाज के हर वर्ग की महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। गीत के जरिए महिलाओं ने संदेश दिया कि सरकार की योजनाएं उन्हें केवल लाभार्थी नहीं बना रहीं, बल्कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में बराबर का भागीदार बना रही हैं।
मातृशक्ति संवाद में महिलाओं ने यह भी साझा किया कि स्वयं सहायता समूहों और लखपति दीदी योजना से जुड़ने के बाद उनके जीवनस्तर में बड़ा सुधार आया है। स्वरोजगार और सरकारी मदद ने उन्हें अपने परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ-साथ समाज में एक नई पहचान और मान-सम्मान दिलाया है।
मुख्य सेवक सदन में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेशभर से आई महिलाओं ने हिस्सा लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य की मातृशक्ति को सम्मानित करना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था, जहां महिलाओं के इस सरप्राइज संगीतमय प्रदर्शन ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

