देहरादून। देहरादून के पॉश इलाके राजपुर रोड पर 18 लाख रुपये की उधारी रकम वापस मांगने पर एक महिला के साथ सरेराह छेड़छाड़ और गाली-गलौज का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर राजपुर थाना पुलिस ने गुरुवार को आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजपुर थाना एसओ पीडी भट्ट के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने परिचित अमन गोयल निवासी मोहाली, पंजाब को पुरुकुल में जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए 18 लाख रुपये उधार दिए थे। आरोपी ने महज दो दिन में पैसे लौटाने का वादा किया था, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी रकम वापस नहीं की।
घटना तीन सितंबर की है, जब राजपुर रोड पर पीड़ित की पत्नी का सामना आरोपी अमन गोयल से हो गया। महिला ने जब अपने पति के 18 लाख रुपये वापस मांगे, तो आरोपी ने आपा खो दिया और सरेराह महिला का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की और अभद्र गालियां दीं।
एसओ राजपुर ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी अमन गोयल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है और आरोपी के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

