हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव का औपचारिक बिगुल फूंक दिया है। हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन बैंक्वेट हॉल में बुधवार को आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की विस्तारित बैठक में पार्टी के दिग्गजों ने जीत की रणनीति तैयार की।
बैठक में मुख्य रूप से 2027 के राज्य चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने का संकल्प लिया गया। इस उच्चस्तरीय बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कुल 97 प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्य में चुनावी शंखनाद का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 2027 में उत्तराखंड में बीजेपी की जीत ही 2029 में केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर से सरकार बनाने की राह आसान करेगी। नितिन नवीन ने उत्तराखंड को पर्यटन और रोजगार का एक बड़ा केंद्र बताते हुए ‘देवभूमि’ के सामर्थ्य की जमकर सराहना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते हुए कहा कि पार्टी का एकमात्र लक्ष्य उत्तराखंड में दोबारा ‘कमल’ खिलाना और इसे देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। सीएम धामी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में हो रहे विकास कार्यों से विपक्ष में बौखलाहट है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न तो कोई स्पष्ट नीति है, न नियत और न ही नेतृत्व।
रणनीतिक बैठक के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ का संकल्प पत्र पेश किया। वहीं, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने राजनीतिक प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इन प्रस्तावों में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की सराहना करते हुए पीएम मोदी के 25 वर्षों के सफल प्रशासनिक कार्यकाल पर उन्हें बधाई दी गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस की तुष्टीकरण नीति पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार उत्तराखंड में लड़ाई सिर्फ सत्ता हासिल करने की नहीं, बल्कि विचारधारा की है। उन्होंने 2047 तक भारत को स्वावलंबी बनाने के लिए युवाओं और नारी शक्ति की सक्रिय भागीदारी को अनिवार्य बताया।
लगभग 33 मिनट चले अपने संबोधन में नितिन नवीन ने मंच पर मौजूद 15 वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में चुनावी रोडमैप सामने रखा। बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की मौजूदगी भी चर्चा में रही। सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों को खारिज करते हुए प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने साफ किया कि नए प्रभारी की नियुक्ति तक दुष्यंत गौतम ही जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।
इस महत्वपूर्ण प्रदेश कार्यसमिति बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट, माला राज्य लक्ष्मी शाह और रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ समेत कई दिग्गज नेता उपस्थित रहे।

