देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक नामी ज्वेलरी शोरूम में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ ग्राहक बनकर पहुँची एक शातिर महिला ने शोरूम के स्टाफ को अपनी बातों में उलझाकर हीरे की अंगूठी चोरी कर ली और बड़ी ही चालाकी से फरार हो गई। यह पूरी वारदात शोरूम के अंदर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस के अनुसार, राजपुर रोड स्थित आर्यक ज्वेलरी शोरूम के मैनेजर आर्यन चौधरी की तहरीर पर राजपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी दंपति की तलाश शुरू कर दी है। एसओ राजपुर पी.डी. भट्ट ने बताया कि बीते चार जून को दोपहर करीब तीन बजे एक महिला अपने पति के साथ शोरूम में आई थी, जहाँ दोनों ने खुद को ग्राहक बताया और स्टाफ से गहनों के बारे में जानकारी लेने लगे।
इस दौरान महिला ने अंगूठियों के कलेक्शन को देखा और आरोप है कि उसने स्टाफ का ध्यान भटकाकर डिस्प्ले ट्रे में रखी दो महंगी अंगूठियों में से एक को अपने पास छिपा लिया, जिसके बाद आरोपी दंपति शोरूम से बाहर निकल गए। शाम को जब स्टोर के स्टॉक की जांच की गई, तो एक अंगूठी कम पाई गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर इस चोरी का खुलासा हुआ, जिसमें चुराई गई हीरे की अंगूठी की कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने बुधवार को मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

