नई टिहरी। नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तकनीकी खराबी के चलते एक हेलीकॉप्टर की अचानक आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। इस घटना के वक्त स्टेडियम में स्थानीय लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे और बच्चे खेल रहे थे, जिन्हें अचानक हेलीकॉप्टर उतरता देख भारी हैरानी हुई। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला और हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोग सुरक्षित रहे।
यह हेलीकॉप्टर देहरादून के सहस्रधारा से उड़ान भरकर गुप्तकाशी के रास्ते केदारनाथ धाम की ओर जा रहा था। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी का पता चलते ही पायलट ने सतर्कता बरती और बौराड़ी स्टेडियम को सुरक्षित रूप से चुनते हुए लैंडिंग कराई। स्टेडियम में अचानक इतने बड़े वाहन को उतरते देख वहां मौजूद लोगों के बीच कुछ पलों के लिए हलचल मच गई थी।
लैंडिंग के तुरंत बाद तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर हेलीकॉप्टर की जांच की और खराबी को दूर किया। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 30 से 35 मिनट का समय लगा, जिसके बाद हेलीकॉप्टर ने दोबारा अपने गंतव्य के लिए उड़ान भरी। गनीमत यह रही कि समय रहते सुरक्षित लैंडिंग होने से किसी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।

