अखिलेश यादव के बयान पर सीएम धामी का तीखा हमला, बोले- ‘सार्वजनिक रूप से मांगें माफी’

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के नागरिकों को ‘घुसपैठिया’ बताए जाने पर बेहद कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने दोटूक शब्दों में कहा है कि देवभूमि और वीरभूमि के स्वाभिमान के साथ किसी भी तरह का अपमान राज्य सरकार और यहां की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह पावन भूमि देश को महान संत, वीर सैनिक और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित अनेक प्रखर व्यक्तित्व देने वाली रही है। ऐसी पवित्र धरती के मेहनतकश और स्वाभिमानी निवासियों पर इस तरह की टिप्पणी बेहद अशोभनीय और निंदनीय है।

यह भी पढ़ें -  पिथौरागढ़: मुनस्यारी ब्रिज हादसे का 6 साल पुराना वीडियो वायरल फैलाई अफवाह, DM ने दिए FIR दर्ज करने के आदेश

राज्य के संघर्षशील इतिहास को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता आज भी उस काले दौर को भूली नहीं है जब मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में अलग राज्य की मांग कर रहे शांतिपूर्ण आंदोलनकारियों पर रामपुर तिराहा में गोलियां बरसाई गई थीं।

मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि तब पिता के शासनकाल में राज्य आंदोलनकारियों का खून बहाया गया था और आज उनके पुत्र यानी अखिलेश यादव उत्तराखंड के देवतुल्य नागरिकों को घुसपैठिया करार दे रहे हैं। यह बयान सीधे तौर पर राज्य के लंबे संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान का अपमान है। इस विवादित टिप्पणी के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अखिलेश यादव से मांग की है कि उन्हें अपने इस बयान के लिए उत्तराखंड की जनता से तुरंत सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

यह भी पढ़ें -  मंच पर महिला सम्मान, फोन पर भरपूर अपमान ? चकराता के कथित ऑडियो ने कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह और उनके भाई के खिलाफ खोला बीजेपी ने मोर्चा ….

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर भी करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह अपने राजनीतिक गठबंधन के साथी के इस उत्तराखंड विरोधी बयान का समर्थन करती है या इस पर उसकी क्या चुप्पी है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उत्तराखंड की जनता अपने राज्य के निर्माण के लिए दिए गए अमूल्य बलिदान और संघर्ष के इतिहास को भली-भांति जानती है। जनता ऐसे बयानों का मुंहतोड़ जवाब देना अच्छी तरह जानती है और अपने सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगी।