ऋषिकेश। ऋषिकेश के पुराना रेलवे रोड स्थित होटल ‘गंगा इन’ में नाबालिग लड़की के साथ हुए दुष्कर्म मामले में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की है। एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर होटल ‘गंगा इन’ को पूरी तरह सील कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी सोफियान समेत होटल के मैनेजर और संचालक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि साक्ष्य मिटाने के आरोपी मुस्तफा की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मामले की जांच में सामने आया है कि जानसठ (उत्तर प्रदेश) निवासी मुख्य आरोपी सोफियान नाबालिग को लेकर पुराना रेलवे रोड स्थित होटल ‘गंगा इन’ पहुंचा था, जहां उसने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के तुरंत बाद एक्शन में आई पुलिस ने मुख्य आरोपी सोफियान को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस की पड़ताल में यह खौफनाक खुलासा भी हुआ कि वारदात के बाद जब पीड़िता को होटल से बाहर ले जाया जा रहा था, तब साक्ष्य छुपाने के मकसद से होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए थे। इस आपराधिक साजिश में शामिल होने पर पुलिस ने होटल मैनेजर वैभव गुप्ता निवासी मार्ग नंबर-2, देहरादून रोड, ऋषिकेश और होटल संचालक राहुल अग्रवाल निवासी अद्वैतानंद मार्ग, ऋषिकेश को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस को जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी सोफियान का दोस्त मुस्तफा भी घटना के वक्त होटल के कमरे में पहुंचा था। आरोपी मुस्तफा पर होटल के कमरे से अपराध से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत और साक्ष्य मिटाने का गंभीर आरोप है।
घटना की गंभीरता और होटल में हुई अवैध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन की रिपोर्ट पर एमडीडीए ने होटल ‘गंगा इन’ को सील करने की कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी मुस्तफा की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

