देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया। पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन एवं आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता द्वारा तैयार इस एल्बम का मुख्य उद्देश्य सरकार के जनहितकारी कार्यों को संगीत के माध्यम से प्रदेश की जनता तक पहुंचाना है।
विमोचन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने एल्बम से जुड़े सभी कलाकारों और आदर्श संस्था के पदाधिकारियों को इस पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा और राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलावों को गीत-संगीत के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास बेहद सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रही है। उन्होंने रेखांकित किया कि उत्तराखंड में रोजगार व स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, पर्यटन को बढ़ावा देने, महिलाओं को सशक्त करने और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और देवभूमि की विशिष्ट पहचान के संरक्षण के साथ-साथ बुनियादी विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

समारोह में आदर्श संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों और जनहित में लिए गए फैसलों की सराहना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एल्बम निर्माण से जुड़ी प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया। उन्होंने निर्माता उत्तम सिंह भंडारी, गायक विक्रम भंडारी व शिवानी नेगी और संगीतकार विजयपाल कलूड़ा सहित पूरी टीम को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा। समारोह में युवा मोर्चा पछवादून के जिलाध्यक्ष विनायक नौटियाल, प्रदीप दुग्गल, विजय असवाल, शोभित उनियाल, गिरीश भट्ट, लक्ष्मी नारायण नवानी, आदित्य नौटियाल, सहदेव सिंह बिष्ट और सपना जवाड़ी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

