इस महीने केदारनाथ और टिहरी आ सकते हैं पीएम मोदी, अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में प्रस्तावित है दौरा

ख़बर शेयर करें

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस महीने केदारनाथ और टिहरी के दौरे पर आने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। सरकारी सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि आगामी 24 और 25 अक्टूबर के लिए प्रधानमंत्री का केदारनाथ और टिहरी का कार्यक्रम लगभग तय हो चुका है। हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से अभी आधिकारिक तारीखों की अंतिम घोषणा होना बाकी है, लेकिन इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को हरी झंडी मिल चुकी है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री इन तारीखों पर देवभूमि उत्तराखंड पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand News: उत्तराखंड बना देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य, सीएम धामी ने नव-साक्षरों को किया सम्मानित

विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अक्टूबर से दिसंबर के बीच प्रधानमंत्री के देश के विभिन्न स्थानों के साथ-साथ उत्तराखंड में भी पांच महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के होने की संभावना है। इसके अलावा, राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री कार्यालय से कुछ अन्य कार्यक्रमों के लिए भी समय की मांग की है। सरकार की यह योजना है कि नवंबर में प्रस्तावित राज्य स्थापना दिवस समारोह के दौरान प्रधानमंत्री के हाथों पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार, किच्छा एम्स, रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज और बनबसा स्थित लैंडपोर्ट जैसे कई बड़े विकास कार्यों का शिलान्यास या लोकार्पण कराया जाए।

यह भी पढ़ें -  Dehradun Triple Murder: फिल्म 'एक विलन' की तर्ज पर हुए 3 खून, हत्या की वजह जानकर हर कोई हैरान..

राज्य स्थापना दिवस के इन आयोजनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति से यह पूरा समारोह और भी अधिक भव्य हो जाएगा। सरकारी हलकों से यह भी पता चला है कि नवंबर के बाद हरिद्वार में भी एक बड़े कार्यक्रम के लिए समय मांगा गया है, जहां कई विकास योजनाओं की सौगात दी जानी प्रस्तावित है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सरकारी योजनाओं के शुभारंभ के साथ-साथ राजनीतिक और चुनावी लिहाज से भी प्रधानमंत्री का यह दौरा बेहद अहम साबित होगा। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक अपने कार्यकाल में 28 बार उत्तराखंड आ चुके हैं।