देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई एक खौफनाक वारदात ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। महज 300 रुपये के मामूली विवाद को लेकर एक प्लंबर ने बुजुर्ग दंपती और बीच-बचाव करने आई घरेलू सहायिका की पेचकस से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर की घटना के तुरंत बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी राजकुमार मूल रूप से बिजनौर का रहने वाला है और वर्तमान में देहरादून के इंद्र नगर में रहकर प्लंबर का काम करता था। वह रमेश कपूर के घर अक्सर काम करने जाता था और घटना वाले दिन भी दंपती ने उसे घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद जब उसने 600 रुपये मांगे, तो बुजुर्ग दंपती उसे केवल 300 रुपये दे रहे थे, जिससे उपजे विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास रखे पेचकस से रमेश कपूर और उनकी पत्नी रजनी कपूर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसी दौरान, पड़ोस के घर में काम करने वाली तिलया देवी उर्फ शीला ने बुजुर्ग दंपती की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोपी ने गुस्से में आकर सहायिका शीला के पेट और शरीर पर भी पेचकस से कई गंभीर वार कर दिए, जिससे तीनों लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल समेत तमाम पुलिस अधिकारी और फॉरेसिक यूनिट तत्काल मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तीनों घायलों को तुरंत कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतक 80 वर्षीय रमेश कपूर डीआरडीओ से सेवानिवृत्त थे और अपनी 75 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर के साथ विष्णुलोक कॉलोनी में रहते थे।
इस पूरी वारदात की कार्यशैली ने साल 2014 में रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म ‘एक विलन’ की याद दिला दी है, जिसमें खलनायक कत्ल के लिए पेचकस का इस्तेमाल करता है। आरोपी ने भी ठीक उसी तर्ज पर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल खून से सना पेचकस और लूटी गई सोने की एक चेन भी बरामद कर ली है। रायपुर थाने में हत्या की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

