पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले स्थित थल क्षेत्र से एक मूक-बधिर नाबालिग से दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 16 वर्षीय पीड़िता तीन महीने की गर्भवती पाई गई है और पुलिस की शुरुआती जांच में इस कृत्य को अंजाम देने वाला आरोपी उसका सगा ताऊ निकला है। अचानक तबीयत बिगड़ने पर नाबालिग को अस्पताल ले जाया गया था, जहाँ चिकित्सकों की जांच में इस मामले का पर्दाफाश हुआ।
जानकारी के अनुसार, थल क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 साल की मूक-बधिर किशोरी को मिर्गी के दौरे पड़ने की बीमारी है। बीते बुधवार देर रात तबीयत अधिक बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे तुरंत भर्ती कर लिया। बृहस्पतिवार सुबह जब डॉक्टरों ने किशोरी का अल्ट्रासाउंड कराया, तो उसके तीन महीने के गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने साथ आए परिजनों से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने कुछ भी स्पष्ट कहने से इनकार कर दिया। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने बिना देरी किए इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने अस्पताल प्रबंधन की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मूक-बधिर किशोरी से भी बातचीत की कोशिश की, लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह पूरी बात नहीं बता पाई। इसके बाद जब पुलिस ने परिजनों से कड़ाई से पूछताछ की, तो परतें खुलनी शुरू हुईं।
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यह बात सामने आई कि पीड़िता के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती बनाने वाला आरोपी उसका अपना ताऊ ही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पीड़िता को अस्पताल में चिकित्सीय देखभाल दी जा रही है और पुलिस जल्द ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

