नरेंद्रनगर – शरदीय नवरात्र के मौके पर हर साल लगने वाला मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला पचास साल का हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 9 दिवसीय मेले का शुभारंभ किया। मेले का आगाज़ ध्वजारोहण के साथ हुआ। शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सीएम धामी ने उन तमाम शहीदो को याद किया जिनकी शहादत की बदौलत ये मुल्क आबाद है और ये राज्य अपनी अलग पहचान के साथ मानचित्र पर अंकित।
9 दिन चलने वाले पर्यटन एवं विकास मेले में सीएम धामी ने हर स्टॉल का जायजा लिया । वहीं झांकियों पर भी नजरेंइनायत की और कलाकारों की हौसला आफजाई। इस मौके पर सीएम धामी ने मौजूद जनता को संबोधित भी किया। सीएम धामी ने कहा यह मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और क्षेत्रीय विकास का प्रतीक है। इस मौके पर सीएम धामी ने अपनी सरकार की उन योजनाओं का भी जिक्र किया जो उनकी सरकार ने पर्यटन, स्थानीय उत्पादों और रोजगार को बढ़ावा देने के मकसद से तैयार की हैं। सीएम धामी ने कहा उनकी सरकार पलायन रोकने के लिए प्रयासरत है।

वहीं सीएम धामी ने टिहरी झील के आसपास पर्यटन विकास, नरेंद्रनगर में शैक्षिक सुविधाओं के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी दी। वहीं नरेंद्रनगर के स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मेले को उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण आयोजन बताया।
मेले के शुभारंभ अवसर पर आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जिनमें छोलिया नृत्य, मां कुंजापुरी, महिषासुर मर्दिनी और बदलते नरेंद्रनगर की झलक देखने को मिली। 11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित मेले में खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी।

