देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत का एक बार फिर सोशल मीडिया पर दर्द छलका है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कई गंभीर और तंज भरे आरोप लगाए हैं। हरीश रावत ने साफ कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज भी उन्हें राजनीतिक रूप से अपना सबसे बड़ा खतरा मानती है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकारी सुविधाओं और आवास आवंटन के मुद्दे पर सरकार को घेरा है। उन्होंने लिखा कि राज्य के अन्य सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों और राजनीतिक दलों के अध्यक्षों को आवास तथा अन्य जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं, लेकिन उन्हें किसी भी तरह की सुविधा नहीं मिली है।
केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई पर तंज कसते हुए हरीश रावत ने अपनी पोस्ट में लिखा, “भाजपा ने मेरे पीछे यूं ही सीबीआई और ईडी नहीं लगाई। यह इस बात को साबित करने के लिए काफी है कि भाजपा आज भी मुझे अपने लिए बड़ा खतरा मानती है।”

हरीश रावत का यह बयान ऐसे समय आया है जब राज्य में राजनीतिक बयानबाजी काफी तेज है। बिना किसी झिझक के उन्होंने अपनी पोस्ट के जरिए सरकार के रवैये को जनता के सामने रख दिया है। उनका कहना है कि सरकारी सुविधाओं से वंचित रखने के बावजूद उनका राजनीतिक प्रभाव कम नहीं हुआ है।
पूर्व सीएम के इस बयान के बाद उत्तराखंड के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। सीबीआई, ईडी और आवास व्यवस्था पर उठाए गए इन सवालों ने एक बार फिर नए सियासी विवाद को जन्म दे दिया है। सोशल मीडिया पर भी उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।

