देहरादून। देहरादून जिले के पछुवा स्थित खुशहालपुर क्षेत्र में धामी सरकार ने गो हत्यारों और ड्रग्स तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए आधा दर्जन से अधिक मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया। जिलाधिकारी आशीष चौहान के निर्देश पर एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि जिन लोगों के खिलाफ यह बुलडोजर एक्शन हुआ है, वे सभी चिन्हित हिस्ट्रीशीटर हैं। इन आरोपियों के खिलाफ गो हत्या, ड्रग्स तस्करी, गुंडा एक्ट और सरकारी जमीन कब्जाने के दर्जनों गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

प्रशासनिक जांच में सामने आया कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले ज्यादातर आपराधिक प्रवृत्ति के लोग बाहरी राज्यों से आकर यहां अवैध रूप से बसे थे। ये लोग गो हत्या और नशा तस्करी जैसे अपराधों में शामिल होकर जेल भी जा चुके हैं। कार्रवाई से पहले प्रशासन ने इनकी संपत्तियों के दस्तावेजों की जांच कर सभी को विधिक नोटिस जारी किए थे।
जिला प्रशासन ने खुशहालपुर क्षेत्र में सक्रिय मुख्य गो तस्कर आमिर, जिसके खिलाफ 21 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, के अवैध निर्माण को सबसे पहले जमींदोज कर सरकारी जमीन को अपने कब्जे में लिया। इसके साथ ही 21 मुकदमों के आरोपी सलमान, 19 मुकदमों में नामजद फैज़ान, 15 गंभीर मामलों के आरोपी मोहसिन, 8 मामलों में संलिप्त मेहराज, 8 मुकदमों के आरोपी दिलशाद मिर्ची और नशा तस्करी के 2 मामलों में नामजद कौसर के अवैध मकानों को भी बुलडोजर से ध्वस्त कर पूरी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

इस बड़ी कार्रवाई पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बाहरी राज्यों से आए कुछ अपराधी किस्म के लोग सरकारी जमीनों पर कब्जे कर गो हत्या और ड्रग्स तस्करी में लिप्त थे, जिनकी पूरी कुंडली खंगाले जाने पर काले कारनामे सामने आए और अब जिला प्रशासन द्वारा उनके खिलाफ सख्त विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

