देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पढ़ाई की आड़ में नशाखोरी, हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त छात्रों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। 25 अगस्त 2026 को जारी प्रेस नोट के अनुसार, एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस ने जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में उपद्रव मचाने वाले 98 छात्रों की रिपोर्ट सीधे यूनिवर्सिटी और कॉलेज प्रशासन को भेजी थी। इस कड़ी कार्रवाई से शहर के शैक्षणिक संस्थानों में हड़कंप मच गया है
पुलिस रिपोर्ट पर शिक्षण संस्थानों ने त्वरित संज्ञान लेते हुए व्यापक अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई इस बड़ी कार्रवाई में मारपीट, हुड़दंग व नशाखोरी में लिप्त कुल 98 छात्रों को चिन्हित किया गया, जिनमें से 84 छात्रों को तत्काल निलंबित कर दिया गया है तथा 04 छात्रों को संस्थान से निष्कासित कर दिया गया है।
एसएसपी दून के आदेश पर पुलिस टीमें देहरादून के विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे बाहरी राज्यों के छात्रों का बैकग्राउंड वेरिफिकेशन भी कर रही हैं। इसके साथ ही हॉस्टलों, किराए के मकानों और शैक्षणिक परिसरों के आसपास पुलिस द्वारा 24 घंटे सतर्क निगरानी रखी जा रही है।
थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शिक्षण संस्थानों के आसपास किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, नशा तस्करी या माहौल खराब करने की शिकायत मिलने पर तुरंत FIR दर्ज कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए। दून पुलिस का उद्देश्य शहर के शांतिपूर्ण और शैक्षणिक माहौल को हर हाल में बनाए रखना है।
कार्रवाई के साथ ही एसएसपी देहरादून ने सभी छात्र-छात्राओं को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि छात्र जीवन भविष्य निर्माण का अनमोल समय है, इसे आपराधिक गतिविधियों में शामिल होकर बर्बाद न करें। पुलिस कप्तान ने दो टूक कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी छात्र के खिलाफ बिना किसी रियायत के कठोरतम कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

