प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देश को एक बड़ी सौगात दी है। पीएम मोदी ने देश भर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के साथ देहरादून स्थित हर्रावाला रेलवे स्टेशन का भी डिजिटल माध्यम से लोकार्पण किया। लगभग 19 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार यह आधुनिक स्टेशन अब यात्रियों के लिए पूरी तरह से खोल दिया गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। सीएम धामी ने कहा कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन का यह नया स्वरूप दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और देवभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का एक उत्कृष्ट संगम है। स्टेशन परिसर को खास लुक देने के लिए उत्तराखंड की पारंपरिक ऐपण कला से सजाया गया है, जो यहां आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करेगी।

इस पुनर्विकसित स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विश्वस्तरीय और अत्याधुनिक इंतजाम किए गए हैं। स्टेशन पर अब सफर पहले से कहीं अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है और वंदे भारत व नमो भारत जैसी स्वदेशी ट्रेनें आज आत्मनिर्भर भारत की नई पहचान बनकर उभरी हैं।

उत्तराखंड में चल रहे रेलवे प्रोजेक्ट्स की प्रगति साझा करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि पहाड़ों तक रेल पहुंचाने का सपना अब ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के जरिए तेजी से साकार हो रहा है, जिसका 75 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। यह महत्वाकांक्षी रेल प्रोजेक्ट आने वाले समय में उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को एक नई और तेज रफ्तार देने का काम करेगा।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग का जिक्र करते हुए कहा कि इस वर्ष उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना के विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का बजट मिला है। इसके साथ ही सूबे में वर्तमान समय में 39,491 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर युद्धस्तर पर काम चल रहा है, जो यह दर्शाता है कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के कनेक्टिविटी नेटवर्क को मजबूत करने के लिए कितनी प्रतिबद्ध है।

