देहरादून में सड़कों पर उतरी कांग्रेस: मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने पर की मांग पर अड़े कांग्रेसी नेता

ख़बर शेयर करें

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देहरादून में कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेताओं ने चुनाव संबंधी कथित अनियमितताओं तथा मतदाता सूची में धांधली के विरोध में उग्र प्रदर्शन किया। कांग्रेसी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग करते हुए राज्य सचिवालय का घेराव करने की कोशिश की। इस बड़े प्रदर्शन के चलते देहरादून के सुभाष रोड और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व प्रशासनिक कामकाज पर सीधा असर पड़ा।

सचिवालय घेराव के लिए आगे बढ़ रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को पुलिस प्रशासन ने सुभाष रोड स्थित आयकर कार्यालय के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर आक्रोशित नेता और कार्यकर्ता वहीं सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में मतदाता सूची पर संग्राम: वोट कटने पर कांग्रेस की चुनाव आयोग को आंदोलन की चेतावनी

इस विशाल विरोध प्रदर्शन की शुरुआत प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से हुई, जहाँ से प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अगुवाई में जुलूस निकाला गया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए सैकड़ों कार्यकर्ता सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए सचिवालय की ओर बढ़े।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में वक्फ बोर्ड की बड़ी पहल: हलाला और तीन तलाक पीड़िताओं को मिलेंगे मुफ्त मकान

प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी विशेष रूप से शामिल हुए। शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में कांग्रेस ने देश की चुनाव प्रणाली की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए। नेताओं ने स्पष्ट कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है और उन्हें तुरंत हटाया जाना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि चुनाव संबंधी अनियमितताओं और मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों के मामलों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता को चोट पहुंचाई है। इसी के विरोध में कांग्रेस पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से अपना जनआक्रोश दर्ज करा रही है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में 350 MW बिजली की भारी कमी, 26 सितंबर तक झेलनी होगी अघोषित कटौती

आयकर कार्यालय के समीप चले इस धरने और प्रदर्शन के कारण सुभाष रोड पर घंटों तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और भारी पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि चुनाव संबंधी गड़बड़ियों पर निष्पक्ष कदम नहीं उठाए गए, तो यह आंदोलन और उग्र रूप लेगा।