देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘मातृशक्ति संवाद एवं सम्मान समारोह’ के दौरान प्रदेश की महिलाओं से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के बनाए उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उनके कौशल विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वे सकारात्मक होकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें, सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
महिलाओं के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरकार देहरादून के सहस्रधारा रोड पर एक विशाल सेंटर विकसित कर रही है, जहां प्रदेश के सभी 13 जिलों की महिलाओं द्वारा निर्मित विशिष्ट उत्पाद एक ही छत के नीचे बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के जरिए स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दी जा रही है, जो गुणवत्ता में बहुराष्ट्रीय कंपनियों पर भारी पड़ते हैं।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड की महिलाएं सिलाई-बुनाई से लेकर कारखाने चलाने तक में सक्षम हो रही हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को बड़े व्यावसायिक समूहों के रूप में बदलने के लिए ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना योजना’ और ‘मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना’ चलाई जा रही है। इसके तहत महिला उद्यमियों को आसान दरों पर ऋण और बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। सीएम ने यह भी कहा कि उद्यमशाला योजना को वर्षभर लागू करने पर विचार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि महिला समूहों के उत्पादों को विभिन्न मेलों के अलावा एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डों और जीएमवीएन-केएमवीएन के गेस्ट हाउस में बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं से अपने उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने की अपील की ताकि ब्रांड पर ग्राहकों का विश्वास और मजबूत हो सके।

संवाद के दौरान एक भावुक क्षण भी आया, जब एक महिला लाभार्थी ने बताया कि घर बिकने और बदहाली के दिनों के बाद महिला स्वयं सहायता समूह और बिना गारंटी के सरकारी ऋण ने उनके परिवार को नया जीवन दिया। इसके बाद उन्होंने मंच पर ‘हमें तो मोदी ने बहुत कुछ दिया है, बहुत शुक्रिया है’ गीत गाकर पीएम मोदी और सीएम धामी का आभार जताया।

इस दौरान महिलाओं ने लखपति दीदी योजना और बिना ब्याज के ऋण की सराहना करते हुए सरकार की नीतियों को महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाने वाला बताया। कार्यक्रम में लैंसडाउन विधायक दलीप रावत, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अंथवाल, नेहा शर्मा, किरण भट्ट और डॉ. प्राची कंडवाल समेत बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधि उपस्थित रहीं।

