देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय में आज ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी जनपदों में प्रत्येक ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन शिविरों में केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल व प्रदर्शनी लगाई जाएं। शिविरों में पात्र व्यक्तियों का चयन कर उन्हें मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में मेडिकल कैंप लगाने और ‘ट्री प्रोटेक्शन एक्ट’ व ‘मानव-वन्यजीव संघर्ष’ के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
कैबिनेट मंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को शिविर की तिथि, स्थल, नोडल अधिकारी और कार्ययोजना जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों से अलग नए स्थानों पर ये शिविर लगाए जाएं, ताकि दूरदराज के अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
‘सेवा सेतु’ अभियान आगामी 25 सितंबर से 07 अक्टूबर 2026 तक राज्य के प्रत्येक तहसील और ब्लॉक स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक शिविर कम से कम तीन दिनों तक संचालित होगा और इनकी दैनिक प्रगति रिपोर्ट सीधे शासन को भेजी जाएगी। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि इन शिविरों में आमजन के लिए आवेदन पत्र भरने की सुविधा, विभिन्न विभागों के स्टॉल और सफल लाभार्थियों की ‘सक्सेस स्टोरीज’ का प्रस्तुतीकरण भी किया जाएगा।
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि शिविर में आवेदन पत्र भरने की सुविधा, विभिन्न विभागों के स्टॉल और सफल लाभार्थियों की ‘सक्सेस स्टोरीज’ का प्रस्तुतीकरण भी किया जाएगा।
सचिवालय में आयोजित इस बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय, सी. रविशंकर, राजेन्द्र कुमार, अपर सचिव रोहित मीणा, सीसीएफ वन राहुल और सीडीओ देहरादून अभिनव शाह समेत कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों के जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

