देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नानकमत्ता जाते समय रास्ते में अचानक अपना काफिला रुकवा दिया। खटीमा के झनकट क्षेत्र में सड़क किनारे स्थानीय भीड़ को देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई और सीधे आम जनता के बीच पहुंच गए, जिससे वहां मौजूद लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने सड़क पर ही खड़े होकर स्थानीय लोगों से आत्मीय संवाद किया और उनकी विभिन्न समस्याओं व मांगों को बेहद गंभीरता से सुना। इस दौरान जनता ने अपनी कई दिक्कतें उनके सामने रखीं, जिस पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए।
जनता से सीधे संवाद के दौरान सीएम धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करना और उन्हें राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनसेवा के लिए राज्य सरकार हमेशा जनता के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
अचानक हुए इस जनसंवाद से स्थानीय निवासियों में काफी संतोष और खुशी का माहौल नजर आया। लोगों ने मुख्यमंत्री के इस सहज और सरल स्वभाव की मुक्तकंठ से सराहना की, जो बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के सीधे जनता के बीच उनकी सुध लेने पहुँच गए।
मुख्यमंत्री के इस कदम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रशासनिक अमले को जनता के प्रति कितना संवेदनशील होना चाहिए। दौरे के दौरान अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि उठाई गई हर समस्या का संकलन कर जल्द से जल्द उसका समाधान किया जाए।

