उत्तराखंड को बड़ी सौगात: हरिद्वार के लिए 3 नई ट्रेनों को रेल मंत्रालय की मंजूरी

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के रेल नेटवर्क और पर्यटन कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। रेल मंत्रालय ने हरिद्वार के लिए तीन नई रेल सेवाओं के संचालन को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इस बात की जानकारी दी है। आगामी हरिद्वार कुंभ के मद्देनजर इन तीनों रेल सेवाओं का संचालन देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहद अहम साबित होगा।

यह भी पढ़ें -  दून STF का बड़ा एक्शन: कमला पैलेस के पास चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, दो मैनेजर गिरफ्तार

इस बड़ी सौगात के मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के आर्थिक, धार्मिक और पर्यटन विकास में मजबूत रेल सेवाओं की हमेशा से अहम भूमिका रही है। केंद्र के इस फैसले से प्रदेश में आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं, व्यापारियों, छात्रों और आम नागरिकों को आवागमन में भारी सहूलियत मिलेगी।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand Politics: सीएम धामी की सियासत का नया संदेश-"कार्यकर्ता से राज्यसभा तक पहुंचने का रास्ता खुला"…

रेल मंत्रालय द्वारा स्वीकृत की गई तीनों नई ट्रेनों के विस्तृत शेड्यूल के तहत बांद्रा टर्मिनस और दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच चलने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस अब सीधे हरिद्वार तक आएगी, जो हरिद्वार से सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को तथा बांद्रा से मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को रवाना होगी।

इसके अलावा हरिद्वार से गुजरात के वेरावल के लिए शुरू होने वाली नई एसी एक्सप्रेस हरिद्वार से बुधवार व रविवार को और वेरावल से गुरुवार व सोमवार को संचालित होगी, जबकि हरिद्वार से ओखा के बीच मंजूर की गई नई एसी एक्सप्रेस हरिद्वार से शुक्रवार सुबह चार बजे तथा ओखा से शनिवार सुबह सवा आठ बजे छूटेगी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड फर्जी डिग्री मामला: गढ़वाल विवि में फर्जी डिग्री के सहारे नौकरी पाने वाला आरोपी गिरफ्तार

केंद्र सरकार के इस महत्वपूर्ण निर्णय से स्थानीय लोगों और देश भर के यात्रियों में काफी खुशी का माहौल है और गुजरात तथा मुंबई जैसे बड़े राज्यों से उत्तराखंड की सीधी कनेक्टिविटी और अधिक बेहतर हो जाएगी।