देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड प्रेस क्लब की वार्षिक स्मारिका ‘गुलदस्ता’ का औपचारिक विमोचन किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के तमाम पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने स्मारिका के सफल प्रकाशन पर प्रेस क्लब के सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्मारिकाएं किसी भी संस्था की गतिविधियों, उपलब्धियों और सामाजिक सरोकारों को सुरक्षित रखने का एक बेहतरीन जरिया होती हैं। ‘गुलदस्ता’ के जरिए पत्रकारिता और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विकास यात्रा को एक मंच पर लाना सराहनीय प्रयास है।
पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया केवल समाज को जागरूक ही नहीं करता, बल्कि जनहित के मुद्दों को शासन तक पहुंचाता है। सरकार की योजनाओं को आम जनता तक ले जाने में भी पत्रकारों की भूमिका अहम है।
राज्य के विकास में मीडिया के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य निर्माण से लेकर वर्तमान विकास यात्रा तक पत्रकारों ने अपनी निष्पक्ष कलम से अहम भूमिका निभाई है। आज उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है और राज्य की सफलताओं, पर्यटन तथा नवाचारों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया का बड़ा सहयोग है।
सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ‘सेवा, सुशासन और समर्पण’ के साथ प्रदेश का विकास किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। अंत में, प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

