में 96 दिन तक सक्रिय रहने वाला मानसून जाते समय फिर सूबे के पहाड़ और मैदान को रिमझिम फुहार के साथ भिगो सकता है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 5 से 8 अक्टूबर यानि सोमवार से गुरुवार तक प्रदेश भर में हल्की या मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम शुष्क हो जाएगा और गुलाबी ठंड दस्तक दे देगी।
मौसम निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के मुताबिक प्रदेश में 5 और 6 अक्टूबर को बारिश पहाड़ी इलाकों को भिगा सकती है। जबकि 7 और 8 अक्टूबर दो दिन मैदानी इलाकों को तर कर सकती है। हालांकि उत्तराखंड से दक्षिण-पश्चिम मानसून शनिवार को विदा हो गया है। बावजूद इसके छिटपुट चहलकदमी की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि इस साल उत्तराखंड में मानसून ने 30 जून को दस्तक दी थी। बावजूद इसके इस बार मानसून सीजन में सामान्य से 9 फीसद ज्यादा बारिश दर्ज की गई। बताया जा रहा है कि ये लगातार चौथा साल है जब उत्तराखंड में मानसून सीजन में समान्य से ज्यादा बरसात हुई,खासकर बीते अगस्त और सितंबर महीने में बारिश ने उत्तराखंड को तर-बतर किए रखा। जिसके चलते मैदानों में बाढ़ जैसे हालात बने तो पहाड़ में भूस्खलन देखने को मिला। बहरहाल आने वाली 8 अक्टूबर के बाद मानसून पूरी तरह विदा हो जाएगा।

