उत्तराखंड चारधाम यात्रा का टूटा रिकॉर्ड: 53 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या का पिछला रिकॉर्ड टूट गया है। यात्रा सीजन खत्म होने में अभी डेढ़ महीने से अधिक का समय बाकी है, इसके बावजूद अब तक 53.14 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल पूरे यात्रा सीजन में कुल 51.39 लाख श्रद्धालुओं ने चारों धामों में दर्शन किए थे।

चारधाम यात्रा का ऑल-टाइम रिकॉर्ड वर्ष 2023 का है, जब 54,36,172 श्रद्धालु पहुंचे थे। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि इस बार यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी टूट जाएगा। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार द्वारा तैयार किए गए ठोस प्लान और बेहतर सुविधाओं के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में यह भारी इजाफा देखने को मिल रहा है।

यह भी पढ़ें -  अपनी मां की तस्वीर के साथ ED दफ्तर पहुंचे हरीश रावत

धामवार आंकड़ों की बात करें तो सबसे अधिक 18,05,777 श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम में दर्शन किए हैं। दूसरे नंबर पर केदारनाथ धाम रहा, जहां 15,55,183 तीर्थयात्रियों ने माथा टेका। इसके अलावा गंगोत्री धाम में 8,41,506 और यमुनोत्री धाम में 7,60,741 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वहीं, प्रसिद्ध सिख तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब में 3,51,574 श्रद्धालु पहुंचे।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: SIR विवाद और वोट चोरी पर आमने-सामने हुईं भाजपा- कांग्रेस

तीर्थयात्रियों की रिकॉर्ड संख्या के साथ ही धामों में कूड़ा प्रबंधन एक बड़ी चुनौती बन गया है। अब तक चारों धामों से कुल 798 टन कचरा एकत्र किया जा चुका है। कचरे के आंकड़ों में बदरीनाथ धाम में सबसे ज्यादा 393 टन और केदारनाथ धाम में 32 टन सॉलिड वेस्ट एकत्र हुआ है। गंगोत्री में 98 टन और यमुनोत्री में 4.85 टन प्लास्टिक कचरा निकला है।

यह भी पढ़ें -  टिहरी पुलिस डेढ माह बाद भी नहीं ढूंढ पाई किसने की सेंदुल गांव में मैठाणी परिवार के घर चोरी

मौसम के अनुकूल रहने से आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी तय मानी जा रही है। स्थानीय प्रशासन और मंदिर समितियां यात्रा को सुगम बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।