देहरादून- कई दिनो से भाजपा के कद्दवर नेताओं की धुकधुकाहट खत्म हो गई है। कई के अरमानो पर पानी फिरा है, क्योंकि भाजपा आलाकमान ने राज्य सभा प्रत्याशी का नाम फाइनल कर दिया है। राज्य सभा सांसद नरेश बंसल के कार्यकाल की समाप्ति इसी माह होने वाली है.। लिहाजा कई भाजपाईयो की निगाह इस सीट पर टिकी थी। माना जा रहा है कि भाजपा प्रदेश संगठन ने तकरीबन 15 नाम फाइनल किए थे और आलाकमान को भेज दिया था।

इसमें कई दावेदार ऐसे थे जिनको लग रहा था कि भाजपा आलाकमान उन पर मेहरबान हो सकता है। लेकिन भाजपा आलाकमान ने सूबे के उन दिग्गजों को निराश किया है जो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से दिल्ली में मुलाकात कर आए थे। हालांकि उन्होने मुलाकात को औपचारिक ही करार दिया था. लेकिन मीडिया के गलियारे में कयास लगाने शुरू हो गए थे।
बहरहाल भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्यसभा चुनाव के लिए दिनेश आर्य को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा केंद्रीय कार्यालय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी है। गौरतलब है कि दिनेश आर्य प्रदेश में दर्जा राज्यमंत्री और अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। लिहाजा नाम फाइनल होने के बाद भाजपा प्रदेश संगठन आर्य के नामांकन की तैयारियों में जुट गया है. गौरतलब है कि भाजपा के पास पूर्ण बहुमत है लिहाजा दिनेश आर्य का राज्यसभा सांसद बनना तय है।


