उत्तराखंड STF का बड़ा एक्शन; ADG का डीपफेक वीडियो बनाने वाला शातिर आरोपी देहरादून से गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड पुलिस के नाम पर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर एडीजी (कानून-व्यवस्था) का डीपफेक वीडियो वायरल करने वाले शातिर आरोपी को STF ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ संवाददाता के अनुसार, आरोपी की पहचान लुकमान मलिक (निवासी मोरोवाला, क्लेमनटाउन) के रूप में हुई है, जो पेशे से एक वेल्डर है।

SSP STF अजय सिंह ने बताया कि आरोपी पुलिस विभाग में भर्ती होना चाहता था, लेकिन उसमें असफल रहने की हताशा और अवसाद के कारण उसने इस गंभीर साइबर अपराध को अंजाम दिया। उसने अपने मोबाइल फोन में AI टूल्स का इस्तेमाल करके पहले पुलिस की वर्दी में अपनी खुद की कई फर्जी तस्वीरें बनाईं और एक फर्जी पहचान पत्र भी तैयार कर लिया।

यह भी पढ़ें -  देहरादून पुलिस का बड़ा खुलासा: NEET UG में फर्जी दस्तावेज से MBBS दाखिला दिलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार

इसके बाद पुलिस महकमे की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से उसने एआई की मदद से एडीजी का एक डांसिंग वीडियो तैयार कर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इस मामले का संज्ञान लेते हुए साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन की सोशल मीडिया प्रभारी भावना कर्णवाल की तहरीर पर 20 जून को मुकदमा दर्ज किया गया था।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में नवंबर से शुरू होगा 'मखाना मिशन': किसानों को मिलेगी तालाब और यूनिट पर 50% तक सब्सिडी

पुलिस ने तुरंत तकनीकी साक्ष्य जैसे फर्जी अकाउंट, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी और आईपी एड्रेस को खंगाला, जिससे वे आरोपी लुकमान तक पहुँचने में कामयाब रहे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के उस फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट को तुरंत बंद करवाते हुए विवादित वीडियो को डिलीट करवा दिया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: CM धामी ने सड़क, पर्यटन और बाढ़ सुरक्षा के लिए दी ₹288.41 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए आरोपी के मोबाइल फोन को जब्त कर तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया है, ताकि मामले में आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।