देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जारी चारधाम यात्रा के दौरान प्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया इतिहास रच दिया है। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के बाद अब बद्रीनाथ धाम में दर्शनार्थियों की कुल संख्या 17 लाख 79 हजार 805 के पार पहुंच गई है। पर्यटन विभाग के अनुसार, 23 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा के महज 153 दिनों के भीतर ही यह सर्वकालिक रिकॉर्ड बना है, जबकि कपाट बंद होने में अभी डेढ़ से पौने दो महीने का समय बाकी है।
धामी सरकार द्वारा यात्रा प्रबंधन और सुविधाओं के विस्तार के चलते भगवान बद्रीविशाल के भक्तों की संख्या में यह भारी इजाफा दर्ज किया गया है। मानसूनी मौसम सुधरने के साथ ही धाम में दैनिक यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को ही एक दिन में 6,685 श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

उत्तराखंड पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य गठन के वर्ष 2000 में बद्रीनाथ धाम आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या केवल 6.95 लाख थी, जो वर्ष 2008 और 2010 में पहली बार 10 लाख के पार पहुंची थी। इसके बाद वर्ष 2014 की भीषण आपदा में यह संख्या घटकर 1.59 लाख रह गई थी। हालांकि, महामारी के दौर को छोड़ दें तो वर्ष 2022 से लगातार रिकॉर्ड तोड़ यात्रा दर्ज की गई है।
वर्ष 2022 में 17.63 लाख, 2023 में 17.80 लाख, 2024 में 17.74 लाख और वर्ष 2025 में सर्वाधिक 17.78 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। चालू यात्रा काल में ही पिछला यह सर्वोच्च रिकॉर्ड पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। यात्रा के इस दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए राज्य प्रशासन ने धामों और मुख्य पड़ावों पर स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और अन्य मूलभूत यात्री सुविधाओं को अत्यधिक मजबूत किया है।

इस रिकॉर्ड सफलता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बदरीनाथ धाम को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जा रहा है। सरकार का पूरा फोकस श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।
: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

