नई बाइक की डिलीवरी, 20 मिनट का सफर और सब खत्म…मशहूर यूट्यूबर ‘आशु यूके राइडर’ की सड़क दुर्घटना में मौत

ख़बर शेयर करें

देहरादून। देहरादून जिले के बल्लमपुर-पांवटा फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर सहसपुर के हिंदूवाला के पास एक भीषण सड़क हादसा होने से रुड़की के बढ़ेड़ी राजपूतान निवासी प्रसिद्ध सोशल मीडिया यूट्यूबर आस मोहम्मद उर्फ ‘आशु यूके राइडर’ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

यह हादसा उस समय हुआ जब आस मोहम्मद अपनी नई स्पोर्ट्स बाइक की डिलीवरी लेकर पांवटा साहिब की ओर बढ़ रहे थे। हिंदूवाला के पास अचानक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की स्पीड काफी तेज थी, जिससे चालक को संभलने का मौका नहीं मिला।

यह भी पढ़ें -  हल्द्वानी आ रहे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, 'सेवा संकल्प अभियान' और चुनावों की बनेगी रणनीति

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यूट्यूबर का हेलमेट सिर से छिटककर काफी दूर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट आने के कारण आस मोहम्मद की मौके पर ही सांसें थम गईं। घटना की सूचना मिलते ही सहसपुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

सोशल मीडिया पर आशु यूके राइडर अपने बाइक राइडिंग और एडवेंचर वीडियो के लिए युवाओं के बीच काफी मशहूर थे। जिस नई स्पोर्ट्स बाइक की डिलीवरी की खुशी में वह दोस्तों और प्रशंसकों के साथ राइड पर निकले थे, वही बाइक उनके जीवन की आखिरी सवारी साबित हुई। घटना की खबर रुड़की स्थित उनके गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand News: सरस्वती ताल और केदारताल के वैज्ञानिक सर्वे के लिए टीम रवाना, सचिव आपदा प्रबंधन ने दिखाई हरी झंडी

पुलिस जांच में प्राथमिक रूप से बाइक की अत्यधिक गति को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। सहसपुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि हेलमेट पहना होने के बावजूद बाइक की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि दुर्घटना के समय हेलमेट लॉक टूटकर अलग हो गया। इससे स्पष्ट होता है कि सिर्फ सुरक्षा उपकरण पहनना काफी नहीं, बल्कि स्पीड कंट्रोल करना भी बेहद जरूरी है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में जल संरक्षण पर 2 दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला शुरू, जल स्रोतों के पुनरुद्धार के लिए जुटे 400 वैज्ञानिक

सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाने के चक्कर में सड़कों पर जोखिम भरे स्टंट या ओवरस्पीडिंग करना जानलेवा हो सकता है। वाहनों की तेज रफ्तार एक पल में पूरे परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द बन जाती है। अक्सर रोमांच और दुर्घटना के बीच मात्र एक चूक का ही फर्क होता है, मात्र एक चूक जो न केवल अगला पल निर्धारित करती है बल्कि गहरे जख्म देने की भी सलाहियत रखती है।