Uttarakhand: हिंदू नाम रख छात्रा को फंसाया, घर में रुककर किया शारीरिक शोषण, आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

टिहरी। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्र टिहरी जिले के घनसाली थाना क्षेत्र से ‘लव जिहाद’ का एक बेहद संवेदनशील और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया पर अपनी असली धार्मिक पहचान छिपाकर एक हिंदू नाबालिग लड़की को प्रेम जाल में फंसाने और उसका शारीरिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने चंडीगढ़ निवासी मुस्लिम युवक मोहम्मद जसीम अंसारी को गिरफ्तार किया है। इस घटना के उजागर होने के बाद स्थानीय व्यापारियों और हिंदूवादी संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया है, जिसके चलते बाजार में जमकर हंगामा हुआ।

बुधवार रात को जब स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को नाबालिग के घर से रंगे हाथों पकड़ा, तब स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही घनसाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह उग्र भीड़ को नियंत्रित किया और आरोपी को अपनी हिरासत में लिया। इसके बाद पीड़िता की मां की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद जसीम अंसारी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: नीति निर्माण में अस्थायी आबादी को महत्व दें- CM धामी

स्नैपचैट पर हिंदू नाम बताकर की थी दोस्ती

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता कक्षा 11 की 15 वर्षीय छात्रा है। आरोपी मोहम्मद जसीम अंसारी और नाबालिग लड़की की मुलाकात करीब 10 महीने पहले प्रसिद्ध इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म ‘स्नैपचैट’ के जरिए हुई थी। आरोपी ने लड़की को जाल में फंसाने के लिए अपना एक फर्जी हिंदू नाम बताया था, जिसके झांसे में नाबालिग आ गई।

इस फर्जी पहचान के सहारे दोनों के बीच बातचीत बढ़ती गई। हद तो तब हो गई जब जनवरी 2026 में आरोपी युवक पहली बार टिहरी के घनसाली पहुंचा। नाबालिग छात्रा ने उसे अपना ‘हिंदू मित्र’ बताकर अपने ही घर पर करीब दो सप्ताह (14 दिन) तक रुकवाया था, क्योंकि उस वक्त परिवार को युवक की असली पहचान और इरादों की भनक तक नहीं थी।

यह भी पढ़ें -  दून में चालू होने से पहले ही कबाड़ हुए बिजली बॉक्स, खुले पड़े टूटे बॉक्स दे रहे हादसों को न्यौता

शादी का झांसा देकर चंडीगढ़ ले गया था आरोपी

ठगी और साजिश का यह खेल यहीं नहीं रुका। इसके बाद आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा दिया, जिसके जाल में फंसकर पीड़िता भी करीब 15 दिनों के लिए युवक के साथ चंडीगढ़ चली गई। जांच में सामने आया है कि बीते जून महीने में नाबालिग लड़की करीब 20 से 22 दिनों तक चंडीगढ़ में आरोपी के घर पर ही रही, जहां उसका कथित रूप से शारीरिक शोषण किया गया।

चंडीगढ़ से लौटने के बाद, बीती 4 जुलाई को आरोपी जसीम एक बार फिर घनसाली स्थित नाबालिग के घर पहुंच गया। इसी बीच जब पीड़िता और उसके परिवार को यह पता चला कि युवक हिंदू नहीं बल्कि दूसरे समुदाय का मुस्लिम है, तो दोनों पक्षों के बीच घर में ही भारी विवाद शुरू हो गया।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: 743 करोड़ का भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन प्रोजेक्ट विवादों में, मामला पहुंचा कोर्ट

हिंदूवादी संगठनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

बुधवार रात को जैसे ही स्थानीय लोगों और बाजार के व्यापारियों को भनक लगी कि नाबालिग के कमरे में दूसरे समुदाय का युवक छिपा है, तो लोग इकट्ठा हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। इस ‘लव जिहाद’ के मामले को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने गहरा आक्रोश जताते हुए शासन-प्रशासन से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बाहरी तत्वों के खिलाफ कठोर चेकिंग अभियान चलाने की मांग की है।

घनसाली थाना पुलिस का कहना है कि पीड़िता की माँ की शिकायत पर मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है और आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार एहतियात बरत रही है और सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad