कुंभ मेला 2027 और शिक्षकों के वेतन के लिए खुले सरकारी खजाने! CM धामी ने दी करोड़ों की वित्तीय मंजूरी

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विकास को रफ्तार देने के लिए शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी योजनाओं के लिए भारी-भरकम बजट की वित्तीय मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री के इस फैसले से राज्य के प्रारंभिक और माध्यमिक स्कूलों के हजारों शिक्षकों के बकाए वेतन का भुगतान होगा। इसके साथ ही हरिद्वार कुंभ मेला 2027 की तैयारियों और विभिन्न जिलों में सड़क व हेलीपैड निर्माण के कार्यों में तेजी आएगी।

शिक्षा क्षेत्र को बड़ी राहत देते हुए राज्य सरकार ने समग्र शिक्षा अभियान के तहत वेतन व भत्तों के भुगतान के लिए ₹445.92 करोड़ की अवशेष धनराशि स्वीकृत कर दी है। इस निर्णय से राज्य भर के शिक्षकों और शिक्षण कर्मचारियों को सीधा वित्तीय लाभ मिलेगा। हरिद्वार में आयोजित होने वाले भव्य ‘कुंभ मेला 2027’ की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए बहादराबाद ब्लॉक स्थित कांगड़ा घाट के सौंदर्यीकरण और विस्तारीकरण हेतु ₹8.43 करोड़ मंजूर किए गए हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: UPES के 24वें छह दिवसीय दीक्षांत समारोह का भव्य आगाज; मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी की शिरकत

इसके अलावा कुंभ मेले के दौरान किराए के फर्नीचर और सजावटी कपड़ों की व्यवस्था के लिए व्यय वित्त समिति की संस्तुति पर ₹14.57 करोड़ के कार्यों को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए पौड़ी जिले के रिखणीखाल में ₹13.50 लाख और नैनीताल के डौन परेवा में ₹8.30 लाख की लागत से हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  कुंजापुरी मेला विवाद पर CM धामी का बड़ा बयान: कहा- 'मैं खुद गायक मीका सिंह और दलेर मेहंदी से बातचीत करूंगा'

पहाड़ी और सीमांत क्षेत्रों में सड़कों का जाल बिछाने के लिए पिथौरागढ़ में गणाई बनकोट-भट्टीगांव मार्ग के लिए ₹4.09 करोड़ और कनालीछीना में संपर्क मार्ग के लिए ₹61.39 लाख मंजूर किए गए हैं। चंपावत जिले में एनएच-57 के सुधारीकरण के लिए ₹4.94 करोड़ और मूलाकोट में इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्ग हेतु ₹46.46 लाख स्वीकृत हुए हैं। वहीं देहरादून के कालसी में मोटर मार्ग अनुरक्षण के लिए ₹1.91 करोड़ की राशि तय की गई है।

मैदानी जिलों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करते हुए ऊधमसिंह नगर के प्रतापपुर में 6 किमी हॉट मिक्स रोड निर्माण हेतु ₹3.84 करोड़ और सुरेंद्रनगर में मार्ग पुनर्निर्माण के लिए ₹87.94 लाख स्वीकृत किए गए हैं। नैनीताल जिले के कसियालेख-हरिनगर मार्ग में पीसी डामरीकरण के लिए ₹3.82 करोड़ जारी किए गए हैं। वहीं टिहरी जिले में जखेड़ से सुमाड़ी कपरोली मार्ग के लिए ₹2.04 करोड़ और हुणेश्वर महादेव मंदिर परिसर में धर्मशाला व शौचालयों के निर्माण हेतु ₹98.77 लाख मंजूर हुए हैं।

यह भी पढ़ें -  कांग्रेस में गुटबाजी की पिक्चर जारी! न्याय यात्रा में भिड़े हरक और शर्मा समर्थक, जिंदाबाद-मुर्दाबाद के नारों से मचा घमासान

राजधानी देहरादून के कैंट क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए नलकूप, पंप हाउस और राइजिंग मेन कार्यों हेतु ₹3.07 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे स्थानीय निवासियों को स्वच्छ पेयजल मिल सकेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का यह फैसला राज्य के हर हिस्से में बुनियादी सुविधाओं का विकास करने और जन-आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।