दून से ऋषिकेश तक FDA की ताबड़तोड़ कार्रवाई: कई नामी प्रतिष्ठान सील और नोटिस जारी

ख़बर शेयर करें

देहरादून। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम जनता को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए 23 अक्टूबर 2026 को देहरादून जनपद में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। आयुक्त विनय शंकर पांडेय के कड़े निर्देशों पर विभागीय टीमों ने देहरादून नगर निगम क्षेत्र, नेहरू कॉलोनी, ऋषिकेश, डोईवाला, रानीपोखरी, भानियावाला और विकासनगर में औचक निरीक्षण किया।

इस जांच अभियान के दौरान प्रतिष्ठानों में खाद्य लाइसेंस, पेयजल जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और स्वच्छता व्यवस्था की गहराई से जांच की गई। अनियमितताएं पाए जाने पर कई प्रतिष्ठानों को नोटिस थमाए गए, जबकि गंदगी में खाद्य संचालन करने पर एक ढाबे और अन्य प्रतिष्ठान का चालान काटा गया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने देहरादून स्थित कोर्ट परिसर की खाद्य कैंटीन का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर खाद्य लाइसेंस, पेयजल रिपोर्ट और मेडिकल फिटनेस संबंधी दस्तावेज नहीं मिले, जिस पर कैंटीन संचालक को नोटिस जारी कर कड़ी चेतावनी दी गई।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में बड़ा सियासी उलटफेर: बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नत्थूराम 167 समर्थकों के साथ बीजेपी में शामिल

इसके बाद नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए स्वाद पंजाब ढाबा और अंगीठी मोमोज में अस्वच्छ परिस्थितियां पाए जाने पर चालान किया गया। वहीं, नेगी जी कुरकुरे हाट और अंगीठी बाय गौरव में पेयजल रिपोर्ट, मेडिकल फिटनेस व पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट न मिलने पर नोटिस थमाया गया।

उत्तराखंड फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने मिठाई की दुकानों पर विशेष सख्ती बरतते हुए राहुल स्वीट्स, चंचल स्वीट्स और आहूजा स्वीट्स को निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट अंकित करना अनिवार्य है, ताकि उपभोक्ताओं को ताजगी की पारदर्शी जानकारी मिल सके।

यह भी पढ़ें -  चकराता ऑडियो विवाद में फिर गरमाई सियासत! बॉबी पंवार ने फूंका प्रीतम सिंह और उनके भाइयों का पुतला, बोले—आज नहीं जागे तो कल अपने परिवार की बारी होगी!

आयुक्त विनय शंकर पांडेय के कड़े निर्देशों के तहत जिन कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए हैं, वे अगले आदेश तक किसी भी नए खाद्य पदार्थ का निर्माण नहीं कर सकेंगे। अगर नियमों का उल्लंघन पाया गया तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत और अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ऋषिकेश, डोईवाला, रानीपोखरी और भानियावाला क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने मिठाई की दुकानों सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को मानकों का पालन करने, आवश्यक दस्तावेज अपडेट रखने और स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: 23 अक्टूबर से शुरू होगी EVM-VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच, राजनीतिक दल रहेंगे मौजूद

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना ने बताया कि लैब जांच में खाद्य पदार्थों के कई सैंपल अधोमानक पाए गए हैं। इनमें आईटी पार्क व विकासनगर से खुला पनीर, सीमाद्वार से गाय का दूध तथा नेहरू कॉलोनी से सिंघाड़े का आटा व नट फ्लोर शामिल हैं। इन मामलों में धारा 46(4) के तहत नोटिस भेजे गए हैं।

इस पूरे अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, संतोष कुमार सिंह और विकासनगर के अधिकारी संजय तिवारी अपनी टीमों के साथ मुस्तैद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।