उत्तराखंड में संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने की तैयारी: छात्रों को पढ़ाई जाएंगे वेद, उपनिषद और पुराण

ख़बर शेयर करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संस्कृत शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि छात्रों को संस्कृत के साथ वेद, उपनिषद, पुराण और अन्य महत्वपूर्ण संस्कृत ग्रंथों की अधिक से अधिक जानकारी दी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की आयु और रुचि के अनुरूप सरल एवं प्रभावी माध्यम विकसित किए जाएं ताकि वे भारतीय ज्ञान परंपरा को आसानी से समझ सकें। इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को प्राचीन संस्कृति से जोड़ना है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: सीएम धामी ने महाकुंभ 2027 और आपदा राहत कार्यों के लिए स्वीकृत किए 4 करोड़ रुपये,

मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि बच्चों को संस्कारवान बनाने में संस्कृत की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और आज की पीढ़ी को अच्छी शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार मिलना भी आवश्यक है। राज्य में बनाए जा रहे 13 संस्कृत गांवों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि इन गांवों में केवल विशेष अवसरों तक गतिविधियां सीमित न रहें, बल्कि सालभर नियमित रूप से संस्कृत संभाषण और विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड कांग्रेस में आंतरिक कलह तेज: हरीश रावत बोले- "60 साल के राजनीतिक जीवन में पहली बार दे रहा हूं स्पष्टीकरण"

आगामी कुंभ के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में संस्कृत के क्षेत्र में किए जा सकने वाले ठोस कार्यों की व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कुंभ में देश-दुनिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में संस्कृत और भारतीय ज्ञान परंपरा को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने के लिए अभिनव पहल की जाए।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: दुग्ध पालकों को घर-द्वार मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, राष्ट्रीय बाजारों तक होगी पहुंच

समीक्षा बैठक के दौरान सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक कुमार ने राज्य में संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अभिनव प्रयासों एवं विविध क्रियाकलापों की जानकारी दी। चारधाम के साथ ही हर की पैड़ी, जागेश्वर धाम, आदि कैलाश, पूर्णागिरी, सुरकंडा देवी, धारी देवी, गर्जिया देवी मंदिर, वीरभद्र ऋषिकेश सहित राज्य के अन्य प्रमुख धार्मिक व आध्यात्मिक स्थलों पर संस्कृत के प्रचार-प्रसार के लिए प्रभावी पहल की जाए।